Delhi Parking Dispute Murder: राजधानी दिल्ली की सड़कों और गलियों में पार्किंग और छोटे-मोटे विवादों को लेकर लोगों का धैर्य इस कदर जवाब दे रहा है कि वे पल भर में हत्या जैसे संगीन अपराध को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला दिल्ली द्वारका जिले की है। जहां पर पार्किंग विवाद के चक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति इस घटना में घायल (Delhi Crime) है। इससे पहले भी पार्किंग को लेकर अलग-अलग घटनाएं सामने आ चुकी हैं। यह बताने के लिए काफी हैं कि कैसे जरा सी असहमति जिंदगी पर भारी पड़ रही है।
हाल की घटना, 20 जून 2026 की है। जो कि द्वारका जिले के बिंदापुर इलाके की है, जहां गाड़ी खड़ी करने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक नाबालिग लड़के ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक आरोपी को दबोच लिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पार्किंग और कूड़ा विवाद
वहीं, दूसरी घटना मार्च 2026 की है। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर (हस्तसाल जेजे कॉलोनी) से एक और हैरान करने वाला मामला सामने आया था। यहा सालों से साथ रह रहे दो पड़ोसी परिवारों के बीच पार्किंग और कूड़ा फेंकने को लेकर पुराना मनमुटाव था। यह सुलगती आग होली के दिन पानी के गुब्बारे लगने की बात पर भड़क उठी। मामूली बात से शुरू हुआ यह झगड़ा खूनी जंग में तब्दील हो गया और 26 साल के तरुण नाम के युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मामले में एक नाबालिग सहित 7 लोगों को कानून के शिकंजे में लिया है।
बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या
तीसरी सनसनीखेज वारदात निजामुद्दीन के जंगपुरा भोगल बाजार की है। यह मामला अगस्त साल 2025 का है। यहां सिर्फ गेट के सामने खड़ी स्कूटी को साइड में हटाने को लेकर बहस शुरू हुई थी। रात के वक्त हुआ यह विवाद इतना बढ़ा कि दो आरोपियों ने आसिफ कुरैशी नाम के व्यक्ति पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। बताया गया कि मृतक आसिफ, बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई थे। इन लगातार बढ़ती घटनाओं ने शहर के सामाजिक ताने-बाने और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
