शहर

दिल्ली इतनी असुरक्षित क्यों? 15 दिन में 807 लोग गायब, केजरीवाल ने पूछा-क्या कर रही 4 इंजन वाली सरकार

दिल्ली में प्रतिदिन 13 बच्चे लापता हो जाते हैं, और लड़कियां सबसे अधिक असुरक्षित बनी हुई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2026 के पहले 15 दिनों में ही 800 से अधिक लोग लापता हो गए। दिल्ली पुलिस के आंकड़े चिंताजनक हैं, जो दिल्ली भर के परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इस गंभीर मुद्दे पर 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है।

Image

'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल (फोटो-@ArvindKejriwal)

दिल्ली : दिल्ली में न सिर्फ अपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, बल्कि बड़ी तादात में लोग गायब भी हो रहे हैं। इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। दिल्ली में रोजाना करीब 54 लोगों के गायब होने पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। मात्र 15 दिनों में 807 लोगों का गायब होना चौपट हो चुकी सुरक्षा व्यवस्था का उदाहरण है। भाजपा की चार इंजन की सरकार को देश की राजधानी दिल्ली में लोगों की सुरक्षा की चिंता नहीं है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से सर्तक और सावधान रहने की भी अपील की है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर मीडिया रिपोर्ट साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में सिर्फ 15 दिन में 807 लोग गायब हो गए, जिनमें सबसे ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। ये हालात सामान्य नहीं, बेहद डराने वाले हैं। देश की राजधानी में लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। दिल्ली में हर स्तर पर भाजपा के पास पूरी ताकत है, फिर भी दिल्ली इतनी असुरक्षित क्यों है?

आईसीयू में दिल्ली की कानून व्यवस्था - केजरीवाल

उधर, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से सावधान रहने की अपील की है। पार्टी ने कहा है कि देश की राजधानी दिल्ली में पिछले 15 दिनों में 800 से ज्यादा लोग गायब हो गए हैं, इसमें से ज्यादातर बच्चियां हैं। आपके बच्चों की सुरक्षा करने में सरकार के चारों इंजन फेल हो गए हैं। इसलिए अपना और अपने बच्चों का ध्यान रखें। दिल्ली की कानून व्यवस्था आईसीयू में है। 1 से 15 जनवरी के बीच 807 लोग लापता हुए। हर दिन 54 लोग गायब हुए। दिल्ली से ऐसे भयानक आंकड़े सामने आ रहे लेकिन कानून व्यवस्था का खिलौना बना चुकी भाजपा सो रही है।

पार्टी ने कहा है कि दिल्ली में हर रोज़ दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं, सड़कों पर सरेआम मर्डर करके अपराधी फ़रार हो जाते हैं और दिल्ली पुलिस के बॉस अमित शाह को कोई फर्क नहीं पड़ रहा, चार इंजन की सरकार को ‘चारसौबीसी’ से फुर्सत नहीं और दिल्ली के लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article