Delhi News: उत्तर भारत में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर पर दिखने लगा है। हरियाणा के यमुनानगर स्थित हथनी कुंड बैराज से अत्यधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को लोहा पुल के पास नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर 204.5 मीटर को पार कर गया। दिल्ली प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए चौकसी बढ़ा दी है और लगातार निगरानी की जा रही है।
हथनी कुंड बैराज से छोड़ा जा रहा पानी
हथनी कुंड बैराज से पानी का प्रवाह बुधवार सुबह अचानक बढ़ा। सुबह 4 बजे 56,491 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं सुबह 6 बजे 61,729 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जो इस मानसून का अब तक का सबसे अधिक प्रवाह है। इससे पहले 21 जुलाई को अधिकतम 54,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।
24 घंटे निगरानी जारी
दैनिक जागरण की खबर के हवाले से साउथ एशिया नेटवर्क ऑन डैम्स, रिवर्स एंड पीपल्स (SANDRP) के प्रमुख भीम सिंह रावत ने बताया कि हथनी कुंड से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण यमुना चेतावनी स्तर को पार कर सकती है। प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाते हुए 24 घंटे निगरानी करने वाला मुख्य नियंत्रण केंद्र और 15 अन्य निगरानी केंद्र सक्रिय किए हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपदा से निपटा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
