दिल्ली

Delhi News: दिल्ली में यमुना का रौद्र रूप! सड़कें बनीं दरिया, पॉश इलाके भी पानी-पानी; मेट्रो से लेकर ट्रेन सेवा तक दिखा असर

Yamuna River Flood in Delhi: दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे घटने लगा है। लेकिन अभी भी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। जिसके चलते कई रिहायशी इलाकों में पानी भरा हुआ है। गुरुवार को यातायात से लेकर मेट्रो और ट्रेन सेवा पर भी इसका प्रभाव देखने को मिला। नाले और सीवर के ओवरफ्लो होने के कारण भी कई जगहों पर जलजमाव देखने को मिला।

Image

दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात (ANI)

Photo : ANI

Delhi Flood Alert: दिल्ली में यमुना का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है। उफान पर बह रही यमुना के कारण देश की राजधानी में बाढ़ जैसे हालात देखने को मिल रहे हैं। यमुना का पानी रिहायशी इलाकों में घुस आया है। बाढ़ का पानी सिविल लाइंस, दिल्ली सचिवालय जैसे पॉश इलाकों में भी पहुंच गया है। गुरुवार को कश्मीरी गेट में जलभराव देखने को मिल रहा है। दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण यातायात से लेकर मेट्रो और ट्रेन सेवा पर भी असर देखा जा रहा है। उफनाई यमुना से प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालने का काम तेजी से चल रहा है।

दिल्ली में यमुना के जलस्तर में आई कमी

दिल्ली में यमुना का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर बना हुआ है। शुक्रवार को सुबह 6 बजे यमुना का जलस्तर 207.35 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि अब जलस्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हो गया है। गुरुवार को पुराने रेलवे पुल पर सुबह 7 बजे नदी का जलस्तर 207.48 मीटर दर्ज हुआ था। गुरुवार को बाढ़ का पानी कश्मीरी गेट के पास स्थित श्री मरघट वाले हनुमान बाबा मंदिर तक भी पहुंच गया। निचले इलाकों में पानी भरने के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं बाढ़ का पानी निकालने के लिए वासुदेव घाट के आसपास के इलाकों में मशीनें लगाई गईं हैं।

बाढ़ प्रभावित लोगों का पुश्ता रोड पर बसेरा

यमुना नदी के उफान के कारण दिल्ली में लोग बेहाल है। बाढ़ का पानी यमुना बाजार से लेकर आईएसबीटी कश्मीरी गेट और सिविल लाइंस में भी 4 से 10 फीट तक भर गया है। जिसके कारण कई घर डूबे हुए हैं। सिविल लाइंस की रिहायशी कॉलोनियों में भी जलजमाव देखने को मिल रहा है। मयूर विहार में गुरुवार को राहत शिविरों तक पानी पहुंच गया। वहीं यमुना बाजार में राहत शिविरों को दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा। बाढ़ का पानी गढी मांडू, ओल्ड उस्मानपुर गांव और यमुना खादर में घुसने के कारण लोगों को गांव को छोड़कर जाना पड़ा। जिसके चलते सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं और उन्हें पुश्ता रोड पर आशियाना लेना पड़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के कारण यमुना नदी में गिरने वाले नाले भी एहतियातन बंद कर दिए गए हैं। जिसके कारण निचले इलाकों में सीवर से ओवरफ्लो होने लगा।

जलजमाव के कारण सड़कों पर रेंगते दिखे वाहन

दिल्ली के लोगों को लगातार जारी बारिश और यमुना नदी के उफान से दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। गुरुवार को कई इलाकों में जलजमाव देखने को मिला। जिसके चलते कालिंदी कुंज से लेकर कश्मीरी गेट तक दिल्ली के विभिन्न इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। यमुना की बाढ़ का असर सिर्फ यातायात ही नहीं बल्कि ट्रेन सेवा और मेट्रो सेवा पर भी नजर आया। लोहे के पुल पर लगातार दूसरे दिन ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। जिसके चलते गाजियाबाद, सोनीपत शामली जैसे इलाकों में जाने वाली लोकल ट्रेनों समेत कुल 99 ट्रेनों के परिचालन पर असर देखने को मिला।

मेट्रो से लेकर बस अड्डे तक लोग हुए परेशान

यमुना के बढ़े जलस्तर के कारण मेट्रो की ब्लू लाइन पर स्थित यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास गुरुवार को रोक दिया गया था। हालांकि इस दौरान स्टेशन से मेट्रो का परिचालन और इंटरचेंज की सुविधा जारी रही। वहीं कश्मीरी गेट आईएसबीटी परिसर में बारिश का पानी भरने के कारण बसों को पानी में ही खड़ा करना पड़ा। जिसके चलते लोगों को बस तक पहुंचने में काफी समस्या हुई। वहीं डीटीसी मुख्यालय के करीब से बहने वाले नाले को यमुना में गिरने से रोकने के कारण यह गुरुवार को ओवरफ्लो हो गया। जिसके कारण डीटीसी मुख्यालय में गंदा पानी भर गया। ऐसे में कर्मचारियों और अधिकारियों को अंदर जाने में भारी समस्या हुई। जिसके चलते कार्यालय में कामकाज प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात ये है कि अब यमुना का जलस्तर घटने लगा है। लेकिन अभी भी कई इलाकों में जलजमाव के कारण लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article