दिल्ली : पूर्वी दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज से बुधवार सुबह एक महिला कथित तौर पर यमुना नदी में कूद गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के बारे में सुबह करीब साढ़े छह बजे सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारी ने बताया कि तलाश और बचाव अभियान जारी है, लेकिन महिला का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उसकी पहचान के प्रयास जारी हैं। ज्यादा जानकारी जुटाने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
जानकारी सामने आई है कि मेनका अपने बेटे राघव के साथ बुधवार सुबह सिग्नेचर ब्रिज पर घूमने आई थी। परिवार दक्षिण दिल्ली का निवासी है। बेटे राघव के अनुसार, उनकी मां को घूमना-फिरना पसंद था और वह पहले भी सिग्नेचर ब्रिज पर कई बार आ चुकी थीं। हाल ही में मेनका मुंबई से घूमकर लौटी थीं।
बताया जा रहा है कि कुछ पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके कारण मेनका डिप्रेशन में थीं। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव के चलते मेनका ने यमुना नदी में छलांग लगाई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, पूर्वी दिल्ली बोट क्लब और गोताखोरों की टीमें मौके पर पहुंचीं। गोताखोर नावों के जरिए यमुना नदी में मेनका की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
दिल्ली दमकल विभाग ने कहा कि सुबह 6:30 बजे दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग को सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंचकर महिला की तलाश कर रही है। इलाके के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। यह पहली बार नहीं है जब सिग्नेचर ब्रिज से आत्महत्या का मामला सामने आया है। पहले भी इस स्थान से कई लोग यमुना नदी में छलांग लगा चुके हैं। हर बार मांग उठती है कि ब्रिज के दोनों ओर ऊंची दीवारें या लोहे की मजबूत जाली लगाई जानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। हालांकि, अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बता दें कि यह पुल उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद को राष्ट्रीय राजधानी के उत्तर-पूर्वी हिस्सों से जोड़ता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
