दिल्ली

अपराधियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस का एक्शन, 60 से अधिक मामलों में वांछित पारदी गैंग के दो मेंबर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने पारदी गिरोह से जुड़े दो कुख्यात सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो कई राज्यों में 60 से अधिक मामलों में वांछित थे। इन आरोपियों पर इनाम घोषित था और वे लंबे समय से चोरी, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों में कथित रूप से सक्रिय थे। हाल की बढ़ती वारदातों की जांच के बाद चली विशेष कार्रवाई में दोनों को शाहाबाद रेलवे स्टेशन के पास दबोचा गया।

Image

दिल्ली पुलिस ने पारधी गिरोह के दो कुख्यात सदस्यों को किया गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Pardhi Gang Arrests Delhi: दिल्ली पुलिस ने कुख्यात पारदी गिरोह से जुड़े दो संदिग्ध सदस्यों को दबोच लिया है, जो दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में दर्ज 60 से अधिक आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार बताए जा रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, पकड़े गए दोनों अरुण पारदी (37) और तेगा पारदी (40) पर मध्य प्रदेश पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम भी रखा था। तेगा साल 2024 में पुलिस हिरासत से भागने की घटना में भी शामिल था।

हाल ही में नेब सराय, हौज खास और मालवीय नगर समेत आसपास के इलाकों में रात के वक्त चोरी की वारदातें बढ़ने के बाद अपराध शाखा ने विशेष अभियान शुरू किया था, जिसमें जांच के दौरान पारदी गिरोह की भूमिका सामने आने पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें खबर मिली थी कि दोनों आरोपी 14 नवंबर को अपने एक सहयोगी से मिलने के लिए द्वारका स्थित शाहाबाद रेलवे स्टेशन के आसपास पहुंचेंगे। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी की और मौके पर ही दोनों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं, जो लंबे समय से घरों में सेंधमारी, डकैती और लूट जैसी वारदातों में सक्रिय रहा है।

गंभीर अपराधों के मामले दर्ज

यह गिरोह आमतौर पर परिवारों के रूप में सफर करता है, रेलवे लाइनों के पास अस्थायी डेरा डालकर रहता है और बाजारों में खिलौने, गुब्बारे जैसे छोटे सामान बेचते हुए आसपास की जानकारी इकट्ठा करता है। अधिकारी के अनुसार, रात के समय यह गिरोह गुलेल और पत्थरों जैसे साधनों के साथ घरों में घुसपैठ करता है और प्रतिरोध होने पर अक्सर निवासियों के सिर पर हमला कर देता है। वारदात के बाद वे तुरंत दूसरे शहर का रुख कर लेते हैं ताकि पुलिस उन्हें पकड़ न सके। अरुण और तेगा के खिलाफ पहले से ही मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, हथियारों के साथ डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद दोनों को मध्य प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article