Talkatora Stadium: दिल्ली का सुप्रसिद्ध तालकटोरा स्टेडियम जल्द ही नए नाम से जाना जा सकता है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की आगामी बैठक में इस स्टेडियम का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा जाएगा। दिल्ली सरकार के मंत्री और NDMC के सदस्य प्रवेश वर्मा ने इस संबंध में संकेत दिए हैं। उनका कहना है कि वह इस स्टेडियम का नाम बदलकर भगवान महर्षि वाल्मीकि स्टेडियम रखने का प्रस्ताव पेश रखेंगे।
NDMC की बैठक में उठ सकता है मुद्दा
मंगलवार को प्रवेश वर्मा ने NDMC के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया। इस मौके पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज और NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल भी मौजूद रहे। शपथ के तुरंत बाद प्रवेश वर्मा NDMC की बैठक में शामिल हुए, जहां यह माना जा रहा है कि वह तालकटोरा स्टेडियम का नाम बदलने का प्रस्ताव रख सकते हैं।
चुनाव प्रचार के दौरान किया था वादा
प्रवेश वर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने नई दिल्ली की जनता से वादा किया था कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आई तो तालकटोरा स्टेडियम का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखा जाएगा। उनका मानना है कि स्टेडियम, हवाई अड्डे और प्रमुख भवनों का नाम ऐसे महापुरुषों पर होना चाहिए, जिन्होंने समाज और देश के लिए योगदान दिया हो।
नाम बदलने की क्या है वजह
तालकटोरा स्टेडियम दिल्ली का एक प्रमुख खेल परिसर है, जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं। प्रवेश वर्मा लंबे समय से इस स्टेडियम का नाम बदलने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ऐतिहासिक या देशभक्ति से जुड़ी हस्तियों के नाम पर सार्वजनिक स्थानों का नामकरण किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिले।
पहले भी बदल चुके हैं नाम
NDMC के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सार्वजनिक स्थलों के नाम बदलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण सड़कों के नाम बदले गए हैं:-
- औरंगजेब रोड को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड
- डालहौजी रोड को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग
- रॉस रोड को राजेंद्र प्रसाद रोड
NDMC का कामकाज और भूमिका
NDMC दिल्ली के राष्ट्रपति भवन, संसद भवन, कनॉट प्लेस, लुटियंस दिल्ली जैसे अहम इलाकों के विकास और प्रशासन की जिम्मेदारी संभालती है। सड़क, बिजली, पानी, सफाई और सार्वजनिक स्थलों के नामकरण से जुड़े फैसले NDMC की बैठक में लिए जाते हैं।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि NDMC की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है या नहीं। अगर इसे हरी झंडी मिलती है, तो तालकटोरा स्टेडियम का नाम बदलकर भगवान महर्षि वाल्मीकि स्टेडियम रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
