Bomb Threat In Delhi: बुधवार सुबह दिल्ली के पांच स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सबसे पहले सेंट थॉमस स्कूल और वसंत वैली स्कूल को सुबह-सुबह एक ईमेल से यह धमकी मिली। इसके बाद हौज खास स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय को भी धमकी भरे ईमेल आए। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्पेशल स्टाफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची हैं, सभी स्कूलों की जांच हुई।
सुरक्षा एजेंसियों ने ली तलाशी
धमकी मिलने के बाद स्कूल परिसरों में सुरक्षा एजेंसियों ने सघन जांच की। किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई। दिल्ली फायर डिपार्टमेंट ने सुबह जांच के दौरान ही यह जानकारी दी कि “फिलहाल स्कूल परिसरों से कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन जांच अभी जारी है।”
ईमेल के जरिए दी गई थी धमकी
बताया गया है कि धमकी अज्ञात ईमेल आईडी से भेजी गई थी, जिसमें स्कूलों को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल अब ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे गंभीरता से लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।
तीन दिनों में 10 धमकियां
यह लगातार तीसरा दिन है, जब दिल्ली के स्कूलों में बम की धमकी आई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक पिछले तीन दिनों में लगभग 10 स्कूलों और एक कॉलेज को बम से उड़ाने की ऐसी धमकियां मिली हैं। आज यानी बुधवार सुबह द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल, वसंत कुंज स्थित वसंत वैली स्कूल, हौज खास स्थित मदर्स इंटरनेशनल स्कूल, पश्चिम विहार स्थित रिचमंड ग्लोबल स्कूल और लोदी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय कोईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलीं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
