नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम जल्द शुरू होने जा रहा है। परियोजना के पहले चरण में पहाड़गंज की ओर एक मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) बनाया जाएगा और प्लेटफार्मों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इस पुनर्विकास का मकसद यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं देना और स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाना है। हालांकि निर्माण कार्य के कारण ट्रेन संचालन प्रभावित होगा, जिससे 105 ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर स्थानांतरित करना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण से पहले आवश्यक सर्वेक्षण पूरा हो चुका है और अब जल्द ही ध्वस्तीकरण (डेमोलिशन) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पहले वन विभाग से वृक्षों की कटाई की अनुमति नहीं मिलने से काम रुका हुआ था, लेकिन अब अनुमति मिलने की संभावना है। आगामी फरवरी तक पहाड़गंज की ओर स्टेशन के कुछ हिस्सों को तोड़ा जाएगा और साथ ही प्लेटफॉर्मों का पुनर्निर्माण भी शुरू हो जाएगा।
इसके अलावा, निर्माणाधीन बिजवासन टर्मिनल का काम तेजी से पूरा करना जरूरी है, क्योंकि पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशनों से भी ट्रेनों का संचालन होता है। तुगलकाबाद और आदर्श नगर में नए रेल टर्मिनल के विकास की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ ट्रेनों को आनंद विहार टर्मिनल और पुरानी दिल्ली से चलाने पर विचार किया जा रहा है, जबकि अन्य ट्रेनों को हजरत निजामुद्दीन और तुगलकाबाद स्थानांतरित किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
