Dwarka-Gurugram Expressway: देश का सबसे छोटा एक्सप्रेसवे बनकर तैयार है और जल्द ही इस पर गाड़ियां रफ्तार भरती हुई नजर आएंगी। ये एक्सप्रेस वे है द्वारका-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे। इसके बनने से अब दिल्ली से गुरुग्राम आने-जाने वालों को जाम से निजात मिल जाएगी। यह देश का सबसे छोटा एक्सप्रेसवे है, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 11 मार्च को करेंगे।
सोमवार से आम लोगों के लिए खुलेगा
पिछले हफ्ते हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा था कि द्वारका-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे बनकर तैयार है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली और गुरुग्राम वालों के लिए लाइफलाइन मानी जा रही है, जो सोमवार से आम लोगों के लिए खुल जाएगा। इससे जरिए घंटेभर की दूरी घटकर 20 मिनट की हो जाएगी।
पीएम मोदी 11 मार्च को करेंगे उद्घाटन
इस एक्सप्रेसवे का काम लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने अब तक इसे हरी झंडी नहीं दी है, लेकिन जल्द ही मिलने की उम्मीद है। पीएम मोदी 11 मार्च को इसका उद्घाटन करेंगे, जिसके बाद आम लोग इसका लुत्फ उठा सकेंगे।
देश का सबसे छोटा एक्सप्रेसवे
बता दें कि यह एक्सप्रेसवे द्वारका को गुरुग्राम के खेड़की से जोड़ता है। इसकी कुल लंबाई 18.9 किमी है। इसका 10.1 किमी हिस्सा दिल्ली में और बाकी हिस्सा हरियाणा में पड़ता है। इस एक्सप्रेसवे को बनाने में नौ हजार करोड़ रुपये का खर्च आया है।
चार चरण में बना है यह एक्सप्रेसवे
यह एक्सप्रेसवे चार चरण में बनकर तैयार हुआ है। इसका पहला चरण महिपालपुर से बिजवासन तक, दूसरा चरण बिजवासन रेलवे ओवरब्रिज से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक, तीसरा चरण दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर से बसाई आरओबी तक और चौथा चरण बसाई से खेड़की धौला इंटरचेंज तक बना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
