Delhi: दिल्ली के शाहदरा जिले में स्थित एक अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट होने की खबर सामने आई है। हॉस्पिटल में ऑक्सीजन सिलेंडर के ब्लास्ट होने से आग लग गई थी, जिसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। समाचार एजेंसी भाषा के अनुसार, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 10 लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है।
बता दें कि यह मामला शाहदरा जिले के आनंद विहार कॉसमॉस स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल (Kosmos Hospital) का है। यहां शॉर्ट सर्किट होने के बाद दो से तीन ऑक्सीजन सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। आग लगने के कारण हॉस्पिटल में धुआं भर गया था, जिससे निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़ने पड़े। समय पर बाकी सिलेंडर बाहर निकाल दिए गए थे, जिसके कारण एक बड़ा हादसा होने से बचा है। आग के बेकाबू होने से पहले दमकलकर्मियों ने किसी तरह अस्पताल में भर्ती मरीज, खासकर क्रिटिकल केस मरीजों को तुरंत रेस्क्यू किया और पास के निजी अस्पताल में भेजा। साथ ही अस्पताल के स्टाफ, हाउसकीपिंग और नर्सिंग में कार्यरत कई लोग भी बेहोश हालत में रेस्क्यू किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर मिली जिसके बाद आठ दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से सात को आनंद विहार अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं। अधिकारी ने आगे बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।