दिल्ली

Delhi: खूनी खेल में बदला बच्चों के बीच हुआ मामूली झगड़ा, चाकू घोंपकर व्यक्ति को उतारा मौत के घाट

दिल्ली के सुल्तानपुर इलाके में बच्चों के बीच हुए झगड़े के बाद एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

Image

दिल्ली में चाकू घोंपकर व्यक्ति को उतारा मौत के घाट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अपराध कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। कहीं लूटपाट के मामले सामने आ रहे हैं तो कहीं हत्या की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला बाहरी दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से सामने आया है। जहां बच्चों के बीच किसी बात को लेकर हुए झगड़े ने खूनी रूप ले लिया और एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

बच्चों के झगड़े में एक व्यक्ति की मौत

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुल्तानपुरी इलाके में बच्चों के बीच हुए झगड़े के बाद 35 वर्षीय एक व्यक्ति की उसके पड़ोसियों ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सुल्तानपुरी इलाके के झुग्गी निवासी मुन्ना सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, झगड़े के संबंध में 10 जून को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) पर सूचना मिली। सुल्तानपुरी थाने से एक टीम मौके पर पहुंची, जहां बताया गया कि घायल को पीसीआर वैन मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले गई थी, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चाकू मारकर उतारा मौत के घाट

पुलिस अधिकारी ने कहा, "चाकू से दो बार हमला कर सिंह को घायल कर दिया गया। जांच से पता चला कि बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पड़ोसियों में विवाद बढ़ गया। हाथापाई के दौरान, आरोपियों में से एक ने उस पर चाकू से हमला किया।" घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने बताया, "आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की गई हैं और विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाके से सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।" इस बीच, मृतक की पत्नी पूजा कौर ने बताया कि मंगलवार शाम को बच्चों के बीच झगड़ा हुआ था और बड़ों के हस्तक्षेप के बाद पूरा मामला शांत हो गया था। कौर ने बताया, "कुछ देर बाद उन्होंने मेरे पति पर चाकू से हमला कर दिया। हम चाहते हैं कि सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।"

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article