Delhi News: राजधानी दिल्ली के केशवपुरम थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली लूट की घटना सामने आई है। बुधवार देर रात तालाब रोड स्थित मुकात सिंह कुल्फी वाले के आइसक्रीम पार्लर को तीन बदमाशों ने अपना निशाना बनाया। हथियार से लैस इन बदमाशों ने न सिर्फ 50 हजार नकद और एक मोबाइल फोन लूटा, बल्कि सैकड़ों की संख्या में आइसक्रीम और कुल्फी के पैक भी साथ ले गए।
चाकू के दम पर हुई वारदात
घटना रात लगभग 11 बजे की है, जब तीन युवक एक स्प्लेंडर बाइक पर पार्लर के बाहर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि एक युवक बाहर निगरानी करता रहा, जबकि बाकी दो दुकान में घुस गए। उनमें से एक ने पार्लर मालिक नरेंद्र को चाकू दिखाकर डराया और उसे कोने में बैठा दिया। इसी दौरान दूसरा बदमाश काउंटर के पीछे जाकर दराज से नकदी और बाकी सामान निकालकर बैग में भर लेता है।
आइसक्रीम-कुल्फी की भी हुई लूट
इसके बाद बदमाश नरेंद्र की जेब से मोबाइल फोन और बाकी पैसे भी निकाल लेते हैं। हैरानी की बात यह रही कि लूट की यह वारदात यहीं खत्म नहीं हुई। दोनों आरोपी दोबारा दुकान में घुसे और आइसक्रीम फ्रीजर से महंगी कुल्फी और आइसक्रीम के पैकेट निकालने लगे। चंद सेकंड में ही उन्होंने सैकड़ों यूनिट्स बैग में भर लीं और बाहर खड़े तीसरे साथी के साथ बाइक पर फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार ने उनका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे काफी दूर निकल चुके थे।
पुलिस कर रही है जांच
घटना की सूचना मिलते ही केशवपुरम थाना पुलिस और क्राइम टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। फुटेज में बदमाशों के चेहरे, हावभाव और बाइक की पहचान साफ तौर पर दिख रही है। पुलिस को जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
