Delhi News: दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में 23 जून को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। SKN नेचुरल गैस के CEO करण चोपड़ा को उनके फार्महाउस में हथियारबंद बदमाशों ने आधी रात के बाद बंधक बना लिया। घिटोरनी स्थित फार्महाउस में प्रवेश से पहले बदमाशों ने सुरक्षा गार्डों को पिस्टल दिखाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए और उनकी वर्दी पहनकर भीतर दाखिल हुए। अंदर मौजूद करण चोपड़ा को भी बंदूक की नोक पर अलमारियों की तलाशी ली गई, जहां से करीब साढ़े पांच लाख रुपये की नकदी, सोने की चेन और एक सोने का सिक्का लूटा गया।
गुरुग्राम में की दूसरी लूट
लूट के बाद आरोपी चोपड़ा को उनकी ही कार में जबरन बैठाकर गुरुग्राम के सिकंदरपुर स्थित उनके CNG पंप कलेक्शन सेंटर तक ले गए। वहां से भी उन्होंने लगभग 25 लाख रुपये की रकम लूट ली और फिर कारोबारी को घिटोरनी रेड लाइट के पास छोड़कर फरार हो गए। इस पूरे घटनाक्रम में करीब 30 लाख रुपये की लूट की गई।
चार की गिरफ्तारी, छह अब भी फरार
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें दो ड्राइवर भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कानपुर के सतेंद्र सिंह, आया नगर निवासी अनिल, मुरैना (मध्य प्रदेश) के संतोष त्रिपाठी और सावित्री नगर के शम्मी का नाम है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस वारदात में कुल दस लोग शामिल थे और छह आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। गिरफ्तार लोगों से 6.15 लाख रुपये भी बरामद किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
