दिल्ली : राजधानी में गुरुवार को 'स्वच्छता ही सेवा' पहल के तहत कालिंदी कुंज स्थित यमुना नदी के तट पर 'एक दिन, एक घंटा, एक साथ' भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने स्वच्छता अभियान को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पवित्र संकल्प बताते हुए नागरिकों से 'स्वच्छता ही सेवा 2025’ अभियान में पूरे मन से भाग लेने का आग्रह किया। जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना तथा स्वयंसेवकों के साथ पाटिल राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन द्वारा कालिंदी कुंज में आयोजित ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ, श्रमदान’ का नेतृत्व करने के लिए शामिल हुए। उन्होंने स्वच्छता का संकल्प भी लिया।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उनके सेवा, सादगी और समर्पण के सिद्धांतों को याद करते हुए पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नदी संरक्षण महज एक प्रशासनिक जिम्मेदारी से आगे बढ़कर समाज का सामूहिक कर्तव्य बन गया है। यमुना नदी का पुनरुद्धार हमारी सांस्कृतिक आस्था और पर्यावरणीय चेतना के अनूठे संगम को दर्शाता है।
महात्मा गांधी का किया उल्लेख
मंत्री ने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके ‘स्वतंत्रता’ और ‘स्वच्छता’ के सिद्धांत आज भी राष्ट्र का मार्गदर्शन करते हैं। भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए हमारी नदियों का पुनरुद्धार आवश्यक है। जब संकल्प सामूहिक होता है, तो परिवर्तन निश्चित रूप से ऐतिहासिक बन जाता है। भारत में, स्वच्छता केवल स्वास्थ्य या पर्यावरण का मामला नहीं है; यह हमारी सभ्यता और संस्कृति की आत्मा है। पाटिल ने नागरिकों और स्वयंसेवकों को उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए बधाई दी।
जल शक्ति मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, 139 जिला गंगा समितियां और दो नगर पालिकाएं इस अभियान में शामिल हुईं, जिससे यह रेखांकित हुआ कि गंगा और उसकी सहायक नदियों की सफाई ‘केवल एक सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है’। अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक जिले ने रैलियों, जागरूकता शिविरों और स्वच्छता अभियानों के माध्यम से 10,000 प्रतिभागियों को संगठित करने का संकल्प लिया है। दिल्ली में यमुना को पुनर्जीवित करने के लिए बहुआयामी परियोजनाएं पहले से ही चल रही हैं।
प्रतिवर्ष गांधी जयंती से पहले मनाया जाने वाला स्वच्छता ही सेवा अभियान, स्वच्छ और स्वस्थ भारत के सपने को साकार करने में सामूहिक कार्रवाई के महत्व पर प्रकाश डालता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
