Indigo Travel Advisory: राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही बारिश ने जहां मौसम को सुहाना बना दिया है, वहीं दूसरी ओर इसका प्रभाव हवाई यातायात पर भी देखने को मिल रहा है। मौसम की अनिश्चितता और एयर ट्रैफिक कंजेशन की वजह से कई फ्लाइट्स को रोक दिया गया है और कुछ उड़ानों में देरी हो सकती हैं।
जारी हुई ट्रैवेल एडवाइजरी
Indigo एयरलाइंस ने एक ट्रैवेल एडवाइजरी जारी करके कहा है कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल के साथ टीमें इसपर काम कर रही हैं और हालात बेहतर होते ही उड़ानें शुरू की जाएंगी। एडवाइजरी में यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट की ताजा स्थिति जरूर जांच लें।
यात्रा से पहले इंडिगो की ऑफिशियल साइट या मोबाइल ऐप पर फ्लाइट्स की जानकारी हासिल की जा सकती है। साथ ही, सड़कों पर पानी भरने और ट्रैफिक धीमा रहने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में हो रही बारिश
दिल्ली में मानसून तेजी ले रहा है। अगले दो घंटों के भीतर क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना है। पूरे सप्ताह बारिश के लगभग ऐसे ही हालात बनी रहेंगे और रुक-रुक कर बरसात होती रहेगी। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही अगले 24 घंटों में राजधानी के विभिन्न हिस्सों में तेज हवा और आंधी की भी संभावना जताई गई है। ऐसी स्थिति के मद्देनजर इंडिगो ने यह फैसला लिया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
