Delhi Murder: राजधानी दिल्ली के भारत नगर एरिया में अज्ञात बदमाश ने घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इधर, पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। वहीं आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरंभिक जांच में जानकारी सामने आई है कि, मृतका लंबे समय से अपने पति से अलग रह रही थी। वहीं पुलिस को ये सुराग भी हाथ लगे हैं कि, एक युवक मृतका को कई दिनों से परेशान कर रहा था। अब पुलिस को महिला की हत्या का उसी युवक पर शक है। पुलिस घटना के बाद से फरार युवक की तलाश में जुटी है। भारत नगर पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान सलमा (34) के तौर पर हुई है।
पति से अलग रहती थी मृतका
भारत नगर पुलिस के मुताबिक, मृतका अपने दो बच्चों के साथ जेजे कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। पेट पालने के लिए महिला घरेलू सहायिका का काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, अनबन होने के कारण वह अपने पति से लंबे समय से अलग रहती थी। पति आदिल काफी समय से उससे अलग सावन पार्क इलाके में रहता है। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने मृतका को 3 गोलियां मारी। जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि सूचना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, थाने में मृतका सलमा की 13 वर्षीय बेटी के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतका सलमा पूर्व में करोलबाग स्थित एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी। यहीं पर उसकी एक युवक से मुलाकात हुई। पुलिस के मुताबिक, पति से अनबन होने की वजह भी यही बताई जा रही है। इसके बाद से मृतका अपने पति से अलग रहने लगी। इसके बाद से ही युवक उसे लगातार सता रहा था। जिसकी उसने पूर्व में भारत नगर थाने में शिकायत भी दर्ज करवाई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
