Delhi News: दिल्ली के सरकारी कर्मचारियों के दफ्तर का समय बदल गया है। ये फैसला प्रदूषण में आ रही लगातार गिरावट को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। कुछ महीनों पहले राजधानी में काम करने वाले सभी सरकारी कर्मचारियों को अलग-अलग समय पर आने को कहा गया था, ताकि गाड़ियों से निकलने वाले प्रदूषण पर काबू पाया जा सके।
दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना ने राजधानी में कार्यरत सरकारी अधिकारियों और नगर निगम कर्मचारियों की ड्यूटी टाइमिंग में बदलाव किया गया है। यह निर्णय दिल्ली में लंबे समय से प्रदूषण के स्तर में आ रही गिरावट को देखते हुए लिया गया है।
अब ये रहेगी टाइमिंग
अब तक दिल्ली सरकार के अधीन काम करने वाले अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक काम करते थे। नए शेड्यूल के अनुसार, उन्हें अब सुबह 9:30 बजे कार्यालय पहुंचना होगा और शाम 6 बजे तक कार्य करना होगा।
वहीं दिल्ली नगर निगम के कर्मचारी, जो पहले सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक ड्यूटी पर रहते थे, अब उन्हें सुबह 9 बजे से शाम 5:30 बजे तक कार्यालय में रहना होगा।
नवंबर में बदला था समय
जानकारी के लिए आपको बता दें कि नवंबर 2024 में केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने दिल्ली में वायु प्रदूषण को देखते हुए अपने कर्मचारियों के लिए अलग-अलग काम करने के समय की घोषणा की थी। ये कदम कर्मचारियों के गाड़ियों से निकलने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए उठाया गया था। इसके साथ ही कर्मचारियों को गाड़ियों को पूल करने यानी एक ही गाड़ी में कई लोगों के सफर और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया था।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
