दिल्ली

मर चुकी नैनी झील को मिलेगा नया जीवन, पाइप से पानी लाकर भरेंगे ताल; करोड़ों की योजना तैयार

नैनी झील को बोरवेल के पानी से भरा जा रहा है, जबकि होना ये चाहिए कि झील का पानी यहां के ग्राउंड वाटर टेबल को रिचार्ज करे। लेकिन अब MCD ने नैनी झील को पुनर्जीवित करने के लिए प्लान तैयार कर लिया है। इसके लिए लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

Image

नैनी झील में वोटिंग भी होती है

Photo : Times Now Digital

नैनी झील कब का दम तोड़ चुकी है। इस झील को पुनर्जन्म देने की दो कोशिशें भी नाकाम ही रही हैं। अब इस झील को इसका पुराना रुतबा वापस लौटाने के लिए तीसरी कोशिश की जा रही है। नैनी झील को फिर से नया जीवन देने के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने एक प्लान तैयार किया है। MCD इस कार्य पर 10.7 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके लिए ताजा बोलियां मंगवाई गई है।

नैनी झील पढ़कर कहीं आपका अंदाजा नैनीताल को लेकर तो नहीं था? नैनीताल सुरक्षित है और पहाड़ों के बीच उसकी खूबसूरती बरकरार है। ये खबर उत्तर दिल्ली के मॉडल टाउन में मौजूद नैनी झील को लेकर है। यह नैनी झील भी कभी इस इलाके की शान हुआ करती थी। कभी यहां भी छुट्टी के दिन लोग घूमने आया करते थे। लेकिन बाद में धीरे-धीरे यह झील खत्म हो गई।

कहां है नैनी लेक

दिल्ली की नैनी लेक मॉडल टाउन में 6.5 एकड़ में फैली है। नैनी लेक का यह क्षेत्र आराम से टहलने और परिवार के साथ मौज मस्ती करने के लिए अच्छी जगह है। MCD पूर्व में भी दो बार इस झील को पुनर्जीवित करने की कोशिश कर चुकी है। लेकिन दोनों बार तकनीकी और प्रक्रियात्मक मुद्दों के कारण यह योजना परवान नहीं चढ़ सकी। फिलहाल इस झीन को बोरवेल से पानी निकालकर भरा जाता है। जबकि होना उल्टा चाहिए, झील का पानी यहां के ग्राउंडवाटर लेवल को रिचार्ज करना चाहिए। ट्रीटमेंट प्लांट के पानी को झील में भरने से इस पूरे क्षेत्र को फायदा होगा।

ऐसे पुनर्जीवित होगी नैनी झील

MCD ने नैनी झील को पुनर्जीवित करने का बीड़ा उठाया है तो उसके लिए प्लान भी तैयार है। इसके लिए कोरोनेशन पिलर वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी को मोटी-मोटी पाइपलाइन के जरिए मॉडलटाउन स्थित नैनी झील तक लाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार इस प्रोजेक्ट से आसपास के पार्कों में सिंचाई के लिए पानी की भी व्यवस्था होगी और जमीन के अंदर के पानी (Groundwater Dependency) पर निर्भरता कम होगी। इस प्रोजेक्ट के तहत पंप हाउस और संप वेल्स भी बनाए जाएंगे और इस तरह से इस प्रोजेक्ट की कुल लागत लगभग साढ़े 25 करोड़ आएगी।

केंद्र सरकार से मिल रही मदद

नैनी लेक को वापस जिंदा करने के इस प्रोजेक्ट के साथ लगभग 71 लाख रुपये की लागत से आसपास के पार्कों में सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी। इस प्रोजेक्ट को अमृत सरोवर मिशन के तहत केंद्र सरकार की तरफ से मदद दी जा रही है।

MCD झील के आसपास के इलाके की सुंदरता बढ़ाने के लिए भी काम कर रही है। यहां पर 7000 नए प्रकार के पौधे लगाए जा रहे हैं। नए वॉकवे, डिजाइनर बाउंड्री वॉल्स, बेंच और अन्य जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर भी यहां तैयार किया जा रहा है। यही नहीं झील में 39 लाख की लागत से दो फ्लोटिंग फव्वारे भी बनाए जाएंगे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article