दिल्ली

AAP को झटका: पूर्व विधायक शोएब इकबाल ने पार्टी छोड़ी, बेटे के MLA रहते भी नाराजगी का फूटा लावा

पूर्व विधायक शोएब इकबाल ने आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने की घोषणा की है। बताया जा रहा है कि चांदनी महल वार्ड से एमसीडी उपचुनाव में उनकी पसंद के उम्मीदवार को टिकट न मिलने से वे नाराज थे। शोएब ने कहा कि पार्टी अब अपनी राह से भटक गई है और वे कभी वापस नहीं लौटेंगे।

Image

शोएब इकबाल ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दिया (फोटो- mlashoaibiqbal)

दिल्ली की सियासत में बड़ा झटका देते हुए पूर्व विधायक शोएब इकबाल ने रविवार को आम आदमी पार्टी (AAP) से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि चांदनी महल वार्ड से दिल्ली नगर निगम (MCD) उपचुनाव में उनकी पसंद के उम्मीदवार को टिकट न मिलने से वे नाराज थे। दिलचस्प बात यह है कि शोएब इकबाल के बेटे आले मोहम्मद इकबाल वर्तमान में मटिया महल विधानसभा क्षेत्र से AAP के विधायक हैं, जिसके कारण इस इस्तीफे ने पार्टी के भीतर हलचल मचा दी है।

“AAP अपनी राह से भटक गई है”

शोएब इकबाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा,“मैं आम आदमी पार्टी की नीतियों से नाखुश हूं। पार्टी एक आंदोलन से उपजी थी, लेकिन अब यह अपनी राह से भटक गई है। मैंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और अब कभी वापस नहीं लौटूंगा।” उन्होंने कहा कि पार्टी अब जनता से कट गई है और टिकट बंटवारे में स्थानीय भावना की अनदेखी की जा रही है।

टिकट बंटवारे पर नाराजगी

AAP ने 30 नवंबर को होने वाले एमसीडी उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की थी। चांदनी महल वार्ड से पार्टी ने मुद्दसिर उस्मान कुरैशी को मैदान में उतारा, जिससे शोएब इकबाल नाराज हो गए। उन्होंने कहा, “मैं इस इलाके से छह बार विधायक रह चुका हूं। मेरा बेटा पार्षद था और सबसे अधिक मतों के अंतर से जीता था। बाद में विधानसभा चुनाव में भी रिकॉर्ड मतों से विजयी हुआ। लेकिन अब पार्टी ने जिस उम्मीदवार को टिकट दिया है, उसे कोई नहीं जानता।”

पार्टी में असंतोष के संकेत

शोएब इकबाल ने यह भी इशारा किया कि आने वाले दिनों में AAP के अंदर और भी असंतोष देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि सोमवार को कुछ बड़े घटनाक्रम सामने आ सकते हैं, जिससे पार्टी के भीतर खींचतान और बढ़ सकती है। शोएब इकबाल का इस्तीफा न केवल स्थानीय स्तर पर AAP के लिए नुकसानदायक हो सकता है, बल्कि मटिया महल और आसपास के इलाकों में पार्टी की पकड़ कमजोर कर सकता है। खासकर इसलिए क्योंकि इकबाल परिवार का इस क्षेत्र में मजबूत जनाधार है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article