Delhi Building Fire:दिल्ली के द्वारका इलाके में मंगलवार सुबह आठवीं और नौवीं मंजिल पर स्थित डुप्लेक्स फ्लैट में लगी भीषण आग लग गई। जिससे बचने के लिए छलांग लगाने से दो बच्चों सहित एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। इससे पहले पुलिस ने बताया था कि इस घटना में एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों की मौत हो गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग इमारत की आठवीं मंजिल पर स्थित मंदिर से शुरू हुई और पीवीसी पैनल के जरिये तेजी से फैल गई।मृतकों की पहचान यश यादव (35), उनकी 12 वर्षीय बेटी और 11 वर्षीय एक रिश्तेदार के रूप में हुई है। आठवीं मंजिल की बालकनी से कूदने से उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि परिवार इमारत की ऊपरी दो मंजिलों पर एक डुप्लेक्स में रहता है।
हादसे में दो लोगों को आई चोटें
अधिकारी ने कहा, ‘‘जब आग लगी, तो परिवार ने सीढ़ियों के जरिये नौवीं मंजिल पर जाकर बचने की कोशिश की। हालांकि, दो छोटे बच्चे पीछे रह गए और यश उन्हें बचाने के लिए वापस आ गए। हांलांकि, तब तक आग फैल चुकी थी और उन्हें बचाया नहीं जा सका।’’ बच्चों को आकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यश को आईजीआई अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। परिवार के दो अन्य व्यक्ति, यश की पत्नी और उनके बड़े बेटे (18) को चोटें आयीं और उन्हें आकाश अस्पताल ले जाया गया।
इस घटना में जान गंवाने वाले 11 वर्षीय बच्चे सहित यादव के कुछ अन्य रिश्तेदार सेक्टर 13 के सपथ सोसायटी स्थित उनके आवास पर एक धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए आये थे, जो दो-तीन दिनों के लिए मोहन गार्डन में आयोजित किया जा रहा था। घटनास्थल के दृश्यों में इमारत में आग लगी दिखायी दे रही है और लोग अपनी बालकनियों में खड़े होकर मदद के लिए चिल्ला रहे हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, विभाग को सुबह 10.01 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके अनुसार शुरुआत में, दमकल की आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, लेकिन आग की भयावहता स्पष्ट होने पर और अधिक गाड़ियां आग बुझाने के लिए लगायी गईं। मौके पर मौजूद एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि आग काफी दूर से देखी जा सकती थी। उन्होंने बताया कि ऊपरी मंजिलों से काला धुआं निकल रहा था और आग की लपटें फ्लैट से बाहर निकल रही थीं। घटना के कथित वीडियो ऑनलाइन सामने आए और इसमें राहगीर अपने मोबाइल से आग के वीडियो बनाते दिखे।
बगल की इमारत से एक महिला द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में एक आवाज में कहा गया, "ईश्वर उनकी मदद करें।"
सोसाइटी के सभी निवासियों को निकाला गया
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सोसाइटी के सभी निवासियों को निकाल लिया गया है और बिजली और पीएनजी कनेक्शन जैसी सभी आवश्यक सेवाएं बंद कर दी गई हैं।" उन्होंने कहा कि दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को इमारत की संरचनात्मक स्थिरता का आकलन करने के लिए सूचित किया गया है। इमारत से निकलने में सफल रहे निवासियों ने अंदर फंसे लोगों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की। छठी मंजिल पर लोग खिड़कियों को तोड़ते दिखे। हालांकि, ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले कुछ निवासी हादसे से बाल बाल बच गए। एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि हमने कुछ निवासियों को बालकनी पर चढ़ने और मदद के लिए संकेत देने की कोशिश करते देखा। डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा कि अग्निशमन अभियान अब समाप्त हो गया है।
(इनपुट - भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
