Sunil Sardhania Arrest: हरियाणा के मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर शनिवार देर रात फाजिलपुरिया फायरिंग केस में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर सुनील सरधानिया को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि सरधानिया जेरूसलम से भारत लौटा था। उसके पहुंचते ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF पहले से एयरपोर्ट पर मौजूद थी। इस पूरी कार्रवाई को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा STF के संयुक्त ऑपरेशन के तहत अंजाम दिया गया।
छह घंटे तक चली जांच
सुनील सरधानिया की फ्लाइट शनिवार रात 11:32 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी। इसके बाद करीब 6 घंटे तक इमिग्रेशन और दस्तावेजों की गहन जांच चली। सुबह करीब 5:15 बजे औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद गैंगस्टर को हरियाणा पुलिस की हिरासत में सौंप दिया गया।
कई मामलों में वांटेड था सरधानिया
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा पुलिस ने सुनील सरधानिया के खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर रखा था। वह एनसीआर और हरियाणा के कई मामलों में मोस्ट वांटेड चल रहा था। इनमें फाजिलपुरिया फायरिंग केस समेत कई गंभीर अपराध शामिल हैं।
फाजिलपुरिया फायरिंग केस से जुड़ा है नाम
सुनील सरधानिया का नाम हरियाणा के चर्चित फाजिलपुरिया फायरिंग केस में सामने आया था। कुछ महीने पहले गुरुग्राम के एस.पी.आर. रोड पर फाजिलपुरिया की कार पर दो राउंड फायरिंग की गई थी। उस समय वे खुद वाहन में मौजूद थे, लेकिन इस हमले में वे बाल-बाल बच गए। पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब जांच में खुलासा हुआ कि इस हमले का मास्टरमाइंड सुनील सरधानिया था।
आगे की कार्रवाई शुरू
हरियाणा पुलिस अब गैंगस्टर से पूछताछ करेगी ताकि उसके गिरोह, विदेशी नेटवर्क और हथियार सप्लाई चेन से जुड़े सुराग मिल सकें। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सरधानिया के खिलाफ हत्या, रंगदारी और फायरिंग जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं और उसका संबंध हरियाणा के गैंगवार नेटवर्क से भी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
