दिल्ली

दिल्ली में जो चलाई एक्सपायर्ड कार तो कबाड़ के भाव बेच देगी पुलिस, पेट्रोल पंप पर टीमें तैनात

दिल्ली में 1 जुलाई, मंगलवार से अपनी अवधि पूरी कर चुकी गाड़ियों में डीजल-पेट्रोल देने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। ऐसे गाड़ियां मिलने पर पुलिस उन्हें सीज करके स्क्रैप वेंडर्स को दे देगी, जहां से मालिक को स्क्रैप की कीमत मिलेगी। राजधानी में करीब 350 पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर कैमरे (ANPR) लगाए गए हैं, जिनसे गाड़ियों पर नजर रखी जा रही है।

Image

पुरानी गाड़ियों में अब नहीं मिलेगा डीजल-पेट्रोल

Photo : PTI

Delhi News: दिल्ली में मंगलवार से पुरानी गाड़ियों को डीजल-पेट्रोल देने पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा इंतजामों के बीच 1 जुलाई से इसकी शुरुआत हो चुकी है। पार्लियामेंट स्ट्रीट सर्किल एरिया में पुलिस ने दोपहर 11 बजे तक 2 मोटरसाइकिलों को जब्त भी कर लिया है। कायदे से प्रशासन जब्त की गई गाड़ियों तो रजिस्टर्ड स्क्रैप वेंडर्स को देती है, जहां से हालिया रेट के हिसाब से गाड़ी मालिक को स्क्रैप की कीमत मिलती है। जो जाहिर है गाड़ी के कीमत की तुलना में बेहद कम होगी। इसको लेकर सरकार ने तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। दिल्ली सरकार ने ऐसे वाहनों का पता लगाने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में करीब 350 पेट्रोल पंपों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रीडर कैमरे (ANPR) लगाए हैं।

परिवहन विभाग ने अपने संगठन, दिल्ली पुलिस, यातायात पुलिस और दिल्ली नगर निगम (MCD) के कर्मियों को शामिल करते हुए एक विस्तृत तैनाती योजना तैयार की है।

टीमें मुस्तैदी से तैनात

परिवहन विभाग,यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की कई टीमों को दक्षिण दिल्ली के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर तैनात किया गया है।

यह अभियान मंगलवार सुबह 6 बजे से शुरू हुआ, जिसमें 15 साल से अधिक पुराने पेट्रोल चालित वाहनों और 10 साल से अधिक पुराने डीजल वाहनों को ईंधन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।

चिराग दिल्ली के ढींगरा पेट्रोल पंप पर परिवहन प्रवर्तन और दिल्ली यातायात पुलिस की टीम सुबह से ही तैनात देखी गईं।

AI कैमरों की ली जा रही मदद

परिवहन प्रवर्तन टीम के उपनिरीक्षक धर्मवीर ने कहा, ‘‘हम सुबह 6 बजे से यहां हैं ताकि किसी भी पुराने वाहन में ईंधन नहीं भरने दिया जाए। पेट्रोल पंपों को ऐसे वाहनों को ईंधन न देने का निर्देश दिया गया है।’’

उन्होंने कहा कि पुराने वाहनों की पहचान के लिए पंप पर AI से संचालित कैमरे और स्वचालित हूटर सिस्टम भी लगाए गए हैं।

धर्मवीर ने कहा, ‘‘अगर ऐसा कोई वाहन आता है, तो कैमरे तुरंत उसका पता लगा लेते हैं और कर्मचारियों को सचेत करने के लिए हूटर बजा देते हैं।’’ उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया जाता है।

सेंट्रल डेटाबेस से पुष्टि करके हो रही कार्रवाई

दिल्ली यातायात पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक जगन लाल ने कहा कि वे अपने सेंट्रल डेटाबेस का उपयोग करके वाहनों के डिटेल की पुष्टि कर रहे हैं।

ASI जगन लाल ने कहा, ‘‘कैमरे स्वचालित रूप से सूचित करेंगे, लेकिन हमारी टीम भी सेंट्रल डेटाबेस का उपयोग करके वाहनों की जांच कर रही हैं। यह अभियान स्थानीय पुलिस और परिवहन अधिकारियों के साथ मिलकर चलाया जा रहा है ताकि पूर्ण अनुपालन हो सके और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।’’

ढींगरा पेट्रोल पंप के कर्मचारी हृदय राम ने कहा, ‘‘हमें किसी भी पुराने वाहन में ईंधन नहीं भरने का निर्देश दिया गया है। जैसे ही कैमरे द्वारा या हमें ऐसे वाहन का पता चलता है, हम तुरंत पुलिस या प्रवर्तन दल को सचेत करते हैं।’’

15 साल से पुरानी गाड़ियों पर बैन

यह कदम वायु प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार के प्रयास का हिस्सा है। साल 2018 में उच्चतम न्यायालय ने अपने फैसले में दिल्ली में 10 साल से पुराने डीजल वाहनों और 15 साल से पुराने पेट्रोल वाहनों पर प्रतिबंध लगा दिया था। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के 2014 के एक आदेश में भी सार्वजनिक स्थानों पर 15 साल से पुराने वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाई गई थी।

(इनपुट-भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article