Udyog Bhawan Bomb Threat: शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित उद्योग भवन को बम से उड़ाने से धमकी मिली। बम की धमकी एक ईमेल के जरिए मिली थी, जिसमें IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) के जरिए धमाके की बात की गई थी। धमकी के बाद केंद्रीय सचिव ने CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के सहायक कमांडेंट को पत्र जारी कर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एहतियात के तौर पर इमारत को खाली कराने को कहा गया है।
पुलिस ने बताया फर्जी ईमेल
केन्द्रीय सचिवालय के निकट स्थित इमारत को IED से उड़ाने की धमकी वाला ई-मेल शुक्रवार की दोपहर को मिला, जिसके बाद सुरक्षा अधिकारियों को अपराह्न 3:15 बजे तक परिसर खाली कराना पड़ा। जानकारी के मुताबिक मिनिस्ट्री ऑफ स्टील और मिनिस्ट्री ऑफ हेवी इंडस्ट्री के सीनियर अधिकारियों को धमकी भरा मेल आया था।
दिल्ली फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, उन्हें दोपहर 1:01 बजे धमकी भरा ई-मेल मिलने की जानकारी मिली जिसके बाद विभाग की एक टीम मौके पर भेजी गई। जांच के बाद पुलिस ने इसे हॉक्स मेल बताया और ये भी जानकारी दी कि जांच में कुछ भी नहीं मिला।
अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील
धमकी की सूचना मिलने पर उद्योग भवन में निगरानी बढ़ा दी गई और तलाशी अभियान चलाया गया। हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। जांच एजेंसियां मेल के सोर्स का भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
पहले भी आ चुकी हैं धमकियां
दिल्ली में बम की झूठी धमकियों की यह कोई पहली घटना नहीं है। दिल्ली के स्कूलों में आ रही लगातार ऐसी ही अफवाहों से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी की है, जिसमें सिक्योरिटी ऑडिट, सीसीटीवी कैमरे लगाना, मॉक ड्रिल और इमरजेंसी प्लान बनाना अनिवार्य किया गया है।
अप्रैल के महीने में द्वारका डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
