दिल्ली

Delhi Weather: वादा था कब का अब जाके आए... आखिरकार दिल्ली पहुंचा मानसून, पहली बारिश से सुहावना हुआ मौसम, आज भी IMD का अलर्ट

Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-June-2025 नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद में जानें आज बारिश होगी या नहीं? के मौसम का पूर्वानुमान: दिल्ली में 29 जून को आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। इस बार मानसून 2 दिन की देरी से राजधानी में पहुंचा है। रविवार को दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई। जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। जानें आज दिल्ली में कैसा मौसम रहने वाला ह?

Image

दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट (फाइल फोटो)

Photo : BCCL

Delhi Ka Mausam (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 30-June-2025: दिल्ली में मानसून की राह देख रहे लोगों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। राजधानी में रविवार को मानसून की एंट्री हो गई है। इस बार दिल्ली में मानसून ने अपनी सामान्य तिथि 27 जून के दो दिन बाद दस्तक दी। वहीं देश के अन्य शेष हिस्सों में मासनून सामान्य तिथि 8 जुलाई से नौ दिन पहले ही पहुंच गया है। दिल्ली में रविवार को मानसून की पहली बारिश हुई, जिससे गर्म और उमस भरे मौसम से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग ने आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के अनुसार दिल्ली में आज तेज हवाओं संग हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बादल गरजने और बिजली गिरने के भी आसार है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। राजधानी में कल यानी 1 जुलाई को भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिल्ली में बारिश का सिलसिला 6 जुलाई तक जारी रहने के आसार हैं।

दिल्ली में कहां-कहां हुई बारिश

दिल्ली में रविवार को कई हिस्सों में बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार वसंत कुंज, हौज खास, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, छतरपुर, आया नगर और डेरामंडी समेत कई इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 75 प्रतिशत थी।

इससे पहले कब जल्दी पहुंचा मानसून

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 2020 के बाद यह पहला मौका है जब मानसून पूरे देश में इतनी जल्दी पहुंचा है। आईएमडी ने एक बयान में कहा, ‘‘मॉनसून रविवार, 29 जून 2025 को राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा के शेष हिस्सों और पूरी दिल्ली में पहुंच गया।’’ मौसम विभाग ने कहा कि अगले सात दिनों तक देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर हिस्सों में अत्याधिक बारिश होने का पूर्वानुमान है। इसके अलावा झारखंड में 29 और 30 जून तथा ओडिशा में 29 जून को कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश होने की संभावना है।

कब तक वापस लौटता है मानसून

आमतौर पर मॉनसून एक जून को केरल में दस्तक देता है और आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंच जाता है। इसकी वापसी 17 सितंबर के आसपास उत्तर-पश्चिम भारत से शुरू होती है और 15 अक्टूबर तक लौट जाता है। इस वर्ष मानसून 24 मई को केरल पहुंचा, जो भारतीय उपमहाद्वीप में 2009 के बाद इसका सबसे जल्दी आगमन है। वर्ष 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून तेजी से आगे बढ़ा और 29 मई तक मुंबई समेत मध्य महाराष्ट्र तथा पूर्वोत्तर भारत तक पहुंच गया। हालांकि, इसके बाद मानसून के आगे बढ़ने की गति लगभग 18 दिनों तक (29 मई से 16 जून तक) स्थिर रही। आईएमडी के अनुसार, इस ठहराव के बाद मॉनसून धीरे-धीरे अन्य हिस्सों में आगे बढ़ा, लेकिन दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में इसकी प्रगति चक्रवात-रोधी हवाओं के कारण बाधित रही।

दिल्ली में पिछले सालों में कब हुई मानसून की एंट्री

दिल्ली में मानसून ने पिछले वर्ष 28 जून को, 2023 में 25 जून, 2022 में 30 जून, 2021 में 13 जुलाई और 2020 में 25 जून को दस्तक दी थी।

आईएमडी ने मई में पूर्वानुमान जताया था कि इस बार देश में जून से सितंबर के बीच औसत से 106 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो सकती है। सामान्य बारिश की परिभाषा 87 सेंटीमीटर की दीर्घकालिक औसत के 96 से 104 प्रतिशत के बीच मानी जाती है। इस बार, अधिकांश क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है, जबकि लद्दाख, हिमाचल प्रदेश से सटे क्षेत्र, पूर्वोत्तर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ हिस्सों में कम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी कम बारिश होने का अनुमान है। भारत में मॉनसून कृषि क्षेत्र के लिए बेहद अहम है, जो देश की 42 प्रतिशत आबादी की आजीविका से जुड़ा है और सकल घरेलू उत्पाद में 18.2 प्रतिशत का योगदान देता है। यह पेयजल और बिजली उत्पादन के लिए भी महत्वपूर्ण है।

(इनपुट - भाषा)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें