Heatwave Alert in Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का कहर बरस रहा है। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से लोग पसीने में तरबतर हो गए हैं। तापमान तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि आगामी तीन दिनों तक आसमान से आग बरसेगी। लू की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को बाहर जाने से पहले सिर को अच्छी तरह से कवर करने के लिए कहा है। साथ ही पानी की बोतल भी रखने की सलाह दी गई है। गर्मी और डिहाइड्रेशन की स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने की सलाह दी है।
इस साल मई का महीने बीते सालों की तुलना में ठंडा रहा। इस दौरान मौसमी गतिविधियों को देखते हुए जून में भी अधिक गर्मी पड़ने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन अचानक यहां तापमान बढ़ा और हीटवेव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बता दें कि बीते दिनों 40 डिग्री से कम रहा दिल्ली का तापमान अब 46-47 डिग्री तक पहुंच चुका है। यहां हीटवेव का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। भीषण गर्मी के परेशान दिल्लीवासी अब बारिश का बेसब्री से इंतजार रहे हैं।
बेअसर हुए एसी-कूलर
दिल्ली में आसमान से बरस रही आग में एसी-कूलर भी बेअसर हो गए हैं। गर्मी से बचने के लिए एसी का इस्तेमाल कर रहे लोगों को अब एसी की हवा में भी राहत नहीं मिल रही है। ऐसा लग रहा है जैसे इस भीषण गर्मी में एसी और कूलर अपना काम भूल गए हैं। घर के कमरे गर्मी भभक रहे हैं। गर्मी से न दिन में लोगों को राहत मिल रही है और न ही रात में राहत मिल रही है।
हीटवेव से कब मिलेगी राहत
मौसम विभाग ने दिल्ली में आज यानी 11 जून और 12 जून को हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि 13 जून को दिन के दौरान भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा लेकिन रात के समय मौसम फिर करवट लेगा और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। बताया जा रहा है कि 13 जून की रात शहर में हल्की बारिश होने की संभावना है। बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
