दिल्ली वक्फ बोर्ड में हुई कथित नियुक्ति घोटाले ने राजधानी की राजनीति में हलचल मचा दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अमानतुल्लाह खान सहित 10 अन्य के खिलाफ कोर्ट ने भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के आरोप तय किए हैं। यह मामला सिर्फ एक प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि सरकार और कानून के प्रति गंभीर लापरवाही का उदाहरण है।
विशेष CBI जज दिग्विनय सिंह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि वक्फ बोर्ड में की गई नियुक्तियां सेवा नियमों का उल्लंघन थीं, जिन्हें सत्ता के दुरुपयोग और अवैध वित्तीय लाभ के तौर पर देखा जा सकता है। अदालत के अनुसार, अमानतुल्लाह खान ने 2018 से 2021 तक बोर्ड के अध्यक्ष पद पर रहते हुए दर्जनभर से अधिक नियुक्तियां कीं, जिनमें से अधिकांश उनके अपने करीबी या राजनीतिक सहयोगी थे।
सीबीआई की जांच में यह भी सामने आया है कि इन नियुक्तियों से सरकारी खजाने को 27 लाख रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचा है। 2016 से चल रही इस जांच में अब तक 11 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
अदालत के आदेश के बाद अब इस मामले की नियमित सुनवाई होगी, जिससे यह स्पष्ट होगा कि सत्ता में रहते हुए की गई मनमानी आखिरकार किस दिशा में जाती है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
