MCD Elections Dates:दिल्ली में होने वाले आगामी नगर निगम चुनावों (MCD Polls) को लेकर आज चुनाव आयोग एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहा है। शाम चार बजे होने वाली इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर निगम के चुनावों के कार्यक्रम और वोटिंग की तारीख का ऐलान हो सकता है। दरअसल नगर निगम का कार्यकाल काफी समय पहले पूरा हो गया है औऱ चुनाव की तारीख में देरी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार BJP को घेर रही है।
अप्रैल में होने थे चुनाव
दरअसल नगर निगम के चुनाव अप्रैल में होने थे और दिल्ली के तत्कालीन निर्वाचन आयुक्त एस के श्रीवास्तव आठ मार्च को कार्यक्रम की घोषणा करने वाले थे।लेकिन चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से कुछ घंटे पहले केंद्र की तीन पूर्ववर्ती नगर निगमों को फिर से जोड़ने की योजना के कारण इस पर रोक लगा दिया गया। मई में केंद्र द्वारा नगर निगमों का पुन: एकीकरण किया गया था और वार्डों के परिसीमन की कवायद जुलाई में शुरू की गई थी।
भाजपा ने शुरू किया चुनावी अभियान
एमसीडी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई ने शहर के 10 लाख से ज्यादा परिवारों से संपर्क साधने के लक्ष्य से ‘हर घर संपर्क’ अभियान शुरू कर दिया है। जहांगीरपुरी के आजादपुर वार्ड से अभियान की शरूआत करते हुए भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी ‘स्वच्छ इरादों’ के साथ दिल्ली की जनता की सेवा करने को प्रतिबद्ध है। दिल्ली में भाजपा के उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेव ने बताया कि अभियान के तहत दिल्ली भाजपा के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता आने वाले दिनों में 13,000 से ज्यादा मतदान केन्द्रों में से प्रत्येक के 100 घरों में जाएंगे।आप का आरोप
आम आदमी पार्टी (AAP) ने दावा किया कि भ्रष्टाचार में कथित संलिप्तता के कारण आगामी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2017 की तरह ही अपने मौजूदा पार्षदों को मैदान में नहीं उतारने का फैसला किया है। आप नेता ने दावा किया कि लोग आगामी एमसीडी चुनावों में भाजपा को वोट नहीं देंगे। आप नेता दुर्गेश पाठक ने कहा, ‘वे किसी झांसे में नहीं आएंगे और न ही किसी के बहकावे में आएंगे। वे उनके सभी पार्षदों को सबक सिखाएंगे, जो अपनी जमानत राशि भी नहीं बचा पाएंगे।’
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
