घटना की जानकारी देते शाहदरा DCP प्रशांत गौतम (चित्र साभार: ANI)
Delhi Crime News: पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके में अपराध लगातार बढ़ता दिख रहा है। शनिवार को यहां एक और हत्या ने इलाके में दहशत फैला दी। यहां शादी में विवाद के बाद एक नाबालिग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शाहदरा के डीसीपी प्रशांत गौतम के अनुसार, इलाके में एक 17 वर्षीय नाबालिग को गोली लगी थी, जिसकी मौत हो गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक शादी समारोह के दौरान नाबालिग का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। उसी विवाद के बाद उसे निशाना बनाया गया। पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और हत्यारों की तलाश जारी है।
यह घटनाक्रम उस वारदात के ठीक 24 घंटे बाद सामने आया है, जिसने शुक्रवार देर रात शाहदरा को हिलाकर रख दिया था। शुक्रवार रात एक 27 वर्षीय युवक गगन की उसके जन्मदिन से सिर्फ एक घंटे पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गगन घर में केक काटने की तैयारी कर रहा था, तभी उसके दो परिचित युवक उससे मिलने पहुंचे। आरोपियों ने पहले उसे कॉल कर नीचे बुलाया, गले लगाया और फिर बेहद नजदीक से उसके सिर में गोली मार दी। आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। मृतक के पिता रवि कुमार ने बताया, “गगन नीचे आया और जिस व्यक्ति से मिलने आया था, उसने पहले उसे गले लगाया और फिर उसके सिर में गोली मार दी। उसके बाद दो हवाई फायर किए। जब मैं नीचे आया तो मेरा बेटा उसी जगह पड़ा था। मुझे किसी झगड़े की जानकारी नहीं थी।” गगन शादीशुदा था और कुछ ही दिन पहले उसके यहां बेटे का जन्म हुआ था, बच्चा सिर्फ 10 दिन का है।
यह भी पढ़ें- गले लगाया फिर सिर में मार दी गोली; शाहदरा में जन्मदिन के एक घंटे पहले युवक की हत्या
गगन हत्याकांड में पुलिस ने आरोपियों में से एक को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है। उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं नाबालिग की हत्या के मामले में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।