New Year 2023 Celebration: न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए राजधानी दिल्ली तैयार है। 31 दिसंबर की रात को लोग नए साल के जश्न में डूबे रहते हैं, लेकिन इस दौरान कई बार ऐसी तस्वीरें भी सामने आती है, जब लोग कानून की धज्जियां उड़ाते हुए जमकर हुड़दंग मचाते हैं। साथ ही इस रात शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाले सड़क हादसों में भी भारी इजाफा हो जाता है। इस तरह के हादसों व वारदातों को रोकने के लिए इस बार दिल्ली पुलिस ने विशेष तैयारी की है। इस साल 31 दिसंबर को दिल्ली पुलिस के जवान भीड़-भाड़ वाले बाजारों के अलावा, रेस्टोरेंट, मॉल, पार्क, पब, बार और सड़कों तक पर नजर आएंगे। दिल्ली पुलिस की खास नजर ऐसे लोगों पर रहेगी जो जश्न के नाम पर शराब पीकर उपद्रव मचाते हैं।
बता दें कि, नए साल की पूर्वसंध्या पर सड़कों से लेकर मॉल रेस्टोरेंट और बार तक में लोगों की भारी भीड़ उमड़ती है। इस मौके पर कुछ लोग शराब पीकर उपद्रव मचाते हुए कानून का उल्लंघन करते भी नजर आते हैं। दिल्ली पुलिस ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए विशेष तैयारी की है। पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों को चेतावनी दी है, कि शराब पीकर गाड़ी न चलाएं और नशे में किसी से बदसलूकी या महिलाओं से छेड़छाड़ करने का प्रयास भूलकर भी ना करें। इस तरह के किसी भी वारदात में शामिल होने पर सीधा जेल जाना पड़ सकता है।
पब बार में पुरुष के साथ महिला पुलिसकर्मी भी रहेंगी तैनात
नए साल के जश्न को लेकर पुलिस ने अपनी योजना तैयार कर ली है। अगर कोई सड़क पर शराब पीकर गाड़ी चलाते मिला तो उस पर कानूनी कार्रवाई करने के साथ उसके परिजनों को बुलाकर कैब से घर भेजा जाएगा। इसके अलावा दिल्ली के हर पब बार में पुरुष पुलिसकर्मी के साथ एक महिला पुलिसकर्मी भी तैनाती होगी। जिसकी मदद से महिला से संबंधि अपराध से निपटने में मदद मिलेगी। वहीं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में रात भर दिल्ली पुलिस के जवान पेट्रोलिंग करते रहेंगे। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की जांच के लिए नाके लगाए जाएंगे। किसी भी आकस्मित वारदात से निपटने के लिए सभी थानों में पुलिस की एक टीम को तैयार रखा जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
