Delhi Crime News: नई दिल्ली में क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बीते दो दशकों से फरार चल रहे ठग 63 वर्षीय राजेश राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है। राजेश पर आरोप है कि उसने ओडिशा के एक डॉक्टर से उनके बेटे को एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर चार लाख रुपये की ठगी की थी। आरोपी को साल 2004 में भगोड़ा घोषित किया गया था। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ कर रही है।
आरोपी ने कई लोगों को फंसाया झांसे में
डीसीपी हर्ष इंदौरा के अनुसार, राजेश राजपूत उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का रहने वाला है। उसने स्नातक की पढ़ाई के बाद सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया। जिसके बाद राजेश एक ठग गिरोह के संपर्क में आ गया। उसने "हेल्पलाइन कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड" नाम से एक एजेंसी बनाई, जो एनजीओ जैसी प्रतीत होती थी। इस एजेंसी के माध्यम से वह मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों में दाखिले के नाम पर लोगों से ठगी करने लगा। राजेश ने अखबारों और अन्य माध्यमों में फर्जी विज्ञापन देकर कई अभिभावकों को गुमराह किया।
ओडिशा के डॉक्टर से 4 लाख ठगे
ओडिशा के एक डॉक्टर आरसी मोहर ने पुलिस में शिकायत की थी कि राजेश ने उनके बेटे को एक प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का झांसा दिया और उनसे चार लाख रुपये ठग लिए। शालीमार बाग थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर राजेश को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया। जिसके बाद वह अदालत में भी पेश नहीं हुआ। लगातार कोर्ट में अनुपस्थित रहने के चलते राजेश को भगोड़ा घोषित कर दिया गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर सहारनपुर स्थित उसके घर पर छापा मारा और 1 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने और कितने लोगों को इसी तरह ठगा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
