Delhi Illegal Online Casino: दिल्ली पुलिस ने मुंबई स्थित एक अवैध ऑनलाइन कैसीनो जुआ रैकेट का पर्दाफाश किया है और इस मामले में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मुख्य आरोपी भुवेंद्र उर्फ भूपेंद्र शामिल है। पुलिस के अनुसार, आरोपी संदिग्ध लिंक और अनधिकृत ऐप्स के जरिए यूजर्स को जाल में फंसाते थे।
पीड़ितों को एक क्यूआर कोड के माध्यम से अनधिकृत एप्लिकेशन इंस्टॉल करने और ओटीपी दर्ज करने के लिए उकसाया जाता था। एप्लिकेशन इंस्टॉल होने के बाद, यूजर्स को वास्तविक रुपये देकर पॉइंट्स खरीदने के लिए प्रेरित किया जाता था। आरोपी इस ऐप का 2-3 महीने तक संचालन करते और फिर इसे निष्क्रिय करके नए लिंक के जरिए धोखाधड़ी का चक्र जारी रखते थे।
पुलिस ने 5 सितंबर को सुलतानपुरी क्षेत्र में गश्त के दौरान अवैध ऑनलाइन जुआ की सूचना पर छापेमारी की। मौके पर पुलिस ने जुआ खेलते हुए एक समूह को पकड़ा। इस छापेमारी में 85,320 रुपये नकद, छह कंप्यूटर सेटअप और अन्य जुआ सामग्री बरामद हुई।
आरोपियों के खिलाफ दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में सूरज (26), मयंक (20), राहुल (26), रोहन (23), राजेंद्र गुप्ता (40), धर्मवीर (33), दिलशाद अहमद (33) और राजेश गुप्ता (32) शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
