दिल्ली

Delhi News: डॉक्टर बनकर जी रहा था दोहरी ज़िंदगी, 10 साल से फरार ठग हरीद्वार से गिरफ्तार

2015 में दिल्ली पुलिस का शिकंजा कसता देख वह हरीद्वार भाग गया और वहां खुद को डॉक्टर बताकर नई पहचान के साथ ज़िंदगी जीने लगा।

Image

ठग राजकुमार गिरफ्तार

दिल्ली : दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उस शातिर ठग को हरीद्वार से गिरफ्तार कर लिया है जो पिछले एक दशक से कानून की आंखों में धूल झोंकता फिर रहा था। खास बात यह रही कि आरोपी पिछले कई सालों से ‘डॉक्टर’ बनकर हरीद्वार में रह रहा था और खुद को AIIMS ऋषिकेश का डॉक्टर बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम डॉ. राजकुमार शर्मा (52) है। उसके खिलाफ 2007 और 2015 में धोखाधड़ी और जालसाजी के दो मामले दर्ज थे, जिनमें वह घोषित भगोड़ा (Proclaimed Offender) था।

दिल्ली में बैंक फ्रॉड और ज़मीन की धोखाधड़ी में आरोपी राजकुमार ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपनी पहचान, ठिकाना, और यहां तक कि शक्ल भी बार-बार बदली। 2015 में दिल्ली पुलिस का शिकंजा कसता देख वह हरीद्वार भाग गया और वहां खुद को डॉक्टर बताकर नई पहचान के साथ ज़िंदगी जीने लगा। ARSC/Crime Branch की एक विशेष टीम जिसमें इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी और रॉबिन त्यागी शामिल थे, को आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। 11 और 12 जून की दरम्यानी रात को टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं की मदद से हरीद्वार से आरोपी को दबोच लिया।

डॉक्टर साहब के नाम से है फेमस

गिरफ्तारी के वक्त आरोपी अपने घर पर मौजूद था और इलाके में उसे “डॉक्टर साहब” के नाम से जाना जाता था। गिरफ्तारी के बाद उसे दिल्ली लाया गया और संबंधित थानों को जानकारी दे दी गई है। 2007 के केस में आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के ज़रिए सरकारी बैंक से गाड़ी का लोन लिया था। जांच में उसका नाम सामने आया लेकिन ट्रायल के दौरान वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ और 2016 में कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया।

ठगे थे 14 लाख

2015 में, उसने दो लोगों को एक प्लॉट के फर्जी दस्तावेज देकर ₹14 लाख की ठगी की थी। जब पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, तो आरोपी ने ₹26 लाख का चेक दिया, लेकिन वह खाता पहले ही बंद हो चुका था। इसके बाद वह घर खाली कर फरार हो गया। राजकुमार शर्मा का जन्म 1973 में बुलंदशहर (उ.प्र.) में हुआ था। उसने मेघालय यूनिवर्सिटी से BA किया था और बाद में दिल्ली के बुराड़ी में अखबार व मैगजीन पब्लिश करना शुरू किया। उसकी एक बेटी और बेटा है — बेटी हरीद्वार यूनिवर्सिटी से LLB कर रही है और बेटा B.Pharma में पढ़ रहा है।

DCP क्राइम ब्रांच संजीव यादव का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दोनों मामलों में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है और अन्य संभावित धोखाधड़ी के मामलों की भी जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article