Delhi News: पश्चिमी दिल्ली की साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक ऐसे आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है, जो पहले मराठी फिल्मों का निर्माता था। फिल्मों में घाटा होने के बाद इस शख्स ने ठगी की राह पकड़ ली और अब तक लाखों रुपये की ठगी कर चुका है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋग्वेद अश्विन डेंगले के रूप में हुई है।
प्रोड्यूसर से बना साइबर अपराधी
पुलिस जांच में सामने आया है कि रुग्वेद अश्विन डेंगले पहले मराठी फिल्मों में पैसा लगाता था, लेकिन लगातार घाटे के चलते उसकी आर्थिक स्थिति डगमगा गई। नुकसान की भरपाई के लिए उसने साइबर ठगी का रास्ता अपनाया। वह टेलीग्राम और अन्य माध्यमों से लोगों को क्रिप्टोकरेंसी में निवेश का झांसा देता था और उनके साथ ठगी करता था।
20 मई को दर्ज हुआ था मामला
20 मई को पश्चिमी दिल्ली साइबर थाना पुलिस को एक शिकायत मिली, जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके साथ 12.85 लाख रुपये की ठगी हुई है। पीड़ित ने बताया कि उसे एक व्यक्ति ने टेलीग्राम के जरिए संपर्क किया और खुद को वित्तीय सलाहकार बताते हुए क्रिप्टोकरेंसी में इनवेस्ट करने की सलाह दी।
झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपित के बताए अनुसार अलग-अलग 29 बैंक खातों में पैसा जमा कर दिया। जमा की गई राशि एक ऑनलाइन खाते में दिखाई भी दी लेकिन जब उसने पैसा निकालना चाहा तो उसे अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद ठगी का अहसास हुआ और पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुणे से हुई गिरफ्तारी
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार, SI अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल सुशांत की टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। एक बैंक खाते की ट्रैकिंग से पता चला कि पुणे में किसी ATM से लगातार पैसे निकाले जा रहे हैं। इसके बाद टीम ने पुणे में छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चार स्मार्टफोन, 14 एटीएम कार्ड, 15 चेकबुक, छह पासबुक और 3.45 लाख रुपये बरामद किए हैं।
फर्जी खातों का करता था इस्तेमाल
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी फर्जी बैंक खातों की व्यवस्था करता था, जिनके जरिए ठगी की गई रकम इकट्ठी की जाती थी। इसके बाद वह इन खातों के जरिए पैसा अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करता और ATM से नकदी निकाल लेता था। पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। आशंका है कि आरोपी ने और भी कई लोगों के साथ इसी तरह की ठगी की है। अन्य पीड़ितों की पहचान और उसके नेटवर्क की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
