Delhi: राजधानी दिल्ली में युवतियों से ब्लैकमेलिंग का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गाजियाबाद के एक कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का स्टूडेंट इंस्टाग्राम पर स्पेनिश अभिनेता मनु रियोस की फर्जी प्रोफाइल बनाकर दिल्ली की युवतियों से पहले दोस्ती करता और फिर उन्हें झांसे में लेकर उनकी अश्लील फोटो मंगा लेता। फिर उन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उनसे पैसे वसूलता। हालांकि शातिर आरोपी की ब्लैकमेलिंग का यह खेल ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाया और दिल्ली पुलिस ने उसे दबोच लिया।
उत्तरी जिला पुलिस ने आरोपी छात्र को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बागपत जिले के रहने वाले अब्बुजर रहमान के तौर पर हुई है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी अब तक इंस्टाग्राम पर बने फर्जी प्रोफाइल के द्वारा 20 युवतियों को दोस्ती कर अपना शिकार बना चुका है। हालांकि, पुलिस को अभी कुछ ही युवतियों की शिकायत मिली है। पुलिस को आरोपित के पास से दो मोबाइल फोन भी मिले हैं। जिसकी जांच में कई युवतियों की अश्लील फोटो मिली हैं। पुलिस ने मोबाइल फोन के मेमोरी कार्ड को अब जांच के लिए भेजा है।
चांदनी चौक की एक युवती ने दर्ज कराई थी शिकायत
उत्तरी जिले के डीसीपी सागर सिंह कलसी ने इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चांदनी चौक इलाके में रहने वाली 25 वर्षीय एक युवती ने गृह मंत्रालय के साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल के जरिये साइबर सेल थाने में शिकायत दर्ज करा बताया था कि उसे इंस्टाग्राम पर स्पेनिश अभिनेता मनु रियोस के नाम से प्रोफाइल मिली थी। जिससे बातचीत के दौरान नजदीकी बढ़ गई। पीड़िता ने आरोपित के कहने पर अपनी कुछ निजी तस्वीरें उसे भेज दीं। जिसके बाद आरोपित उन फोटोज को वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने लगा। पीड़िता ने जब पैसे देने से मना किया तो आरोपी ने उसकी निजी तस्वीरें इंटरनेट पर अपलोड कर दीं। शिकायत मिलने के बाद जांच करते हुए एसएचओ पवन तोमर की टीम ने आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
