Delhi News: राजधानी के संगम विहार इलाके में एक व्यक्ति को गोली मारने का बड़ा मामले सामने आया है। बताया जा रहा है कि, मोहल्ले में सामाजिक कार्यक्रम का आयोजन होना था। इस आयोजन में सक्रिय भूमिका नहीं मिलने से नाराज एक युवक ने आयोजक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल की पहचान ललित के रूप में हुई है। वहीं, आरोपित की पहचान सुनील के रूप में हुई है। दोनों संगम विहार के रहने वाले हैं और आपस में पड़ोसी हैं। पुलिस के अनुसार, घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं, घटना के बाद से आरोपी फरार है।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि, मंगलवार शाम को पीसीआर कॉल के माध्यम से जानकारी मिली थी कि, संगम विहार क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचा दिया था। पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची तो पता चला कि, पीड़ित ललित को पीछे से पीठ में गोली मारी गई है। पुलिस ने बताया कि, जांच में जानकारी मिली है कि, मोहल्ले के लोग मिलकर 12 नवंबर को माता का जागरण आयोजित कर रहे थे। इसका नेतृत्व पीड़ित कर रहा था। इस जागरण को लेकर ही विवाद हुआ था।
बातचीत के लिए आरोपी पहुंचा था घर
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी सुनील इस जागरण में अहम भूमिका निभाना चाहता था, लेकिन पीड़ित ललित उसे किसी भी तरह की जिम्मेदारी देने को तैयार नहीं थे। इस तरह से नजरअंदाज किए जाने की बात आरोपित सुनील को नागंवार गुजरी। इस मामले में बातचीत करने के लिए आरोपित सुनील मंगलवार को पीड़ित ललित के घर गया था। यहां पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई और इसी दौरान आरोपित सुनील ने पिस्टल निकाल ली। आरोपित के हाथ में गन देख पीड़ित ललित वहां से भागने लगे। आरोपी ने उसी समय गोली चला दी, जो पीड़ित की पीठ में लगी। घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस की कई टीमें आरोपित के तलाश में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
