Delhi: राजधानी दिल्ली के लोग नए साल से नाइट लाइफ का पूरा आनंद उठा सकेंगे। लोग लेट नाइट तक जायकेदार फूड्स का आनंद ले सकेंगे। क्योंकि दिल्ली एलजी वीके सक्सेना ने दिल्ली के कई रेस्तरां और कैफेटेरिया को रात एक बजे तक खोलने की मंजूरी दे दी है। इसमें दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के स्वामित्व वाला भलस्वा गोल्फ क्लब, सिरी फोर्ट स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और कुतुब गोल्फ क्लब शामिल है। बता दें कि, इन सभी को प्राइवेट फर्म संचालित करते हैं। यहां पर प्रतिदिन हजारों लोग बेहतरीन खाने का जायका लेने पहुंचते हैं।
डीडीए के इन रेस्तरां और कैफेटेरिया में हमेशा लोगों की भीड़ लगी रहती है। इन जगहों पर खाने का स्वाद लेने आने वाले विजिटर्स में यहां के सदस्यों के अलावा आम लोग भी शामिल होते हैं। इन लोगों को अभी सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक ही भोजन और पेय परोसा जाता है। लेकिन अब इन जगहों पर आने वाले लोग रात 1 बजे तक खाने का आनंद ले सकेंगे। एलजी सक्सेना की तरफ से यह बदलाव एमसीडी मास्टर प्लान 2041 में नाइट लाइफ और उससे मिलने वाली अर्थव्यवस्था की मजबूती को ध्यान में रखकर किया गया है। डीडीए अधिकारियों के अनुसार, अभी यह फैसला नए साल को ध्यान में रखकर लिया गया है। राजधानी के लोग इन सभी प्रमुख जगहों पर नाइट लाइफ का लुत्फ उठाते हुए जश्न मना सकेंगे।
दिल्ली नगर निगम ने खोले 150 रेस्तरां
बता दें कि, एलजी वीके सक्सेना एमसीडी मास्टर प्लान 2041 पर काम कर रहे हैं। जिसके तहत दिल्ली को दूसरे देश की राजधानियों व महानगरीय शहरों की तरह डेवलप करना और नाइट लाइफ विकसित करना है। इस योजना का अमलीजामा पहनाने के लिए एलजी ने लंबे समय से लंबित 314 कमर्शियल प्रतिष्ठानों को बीते अगस्त माह में मंजूरी दी थी। इसमें फूड की ऑनलाइन डिलिवरी, लॉजिस्टिक्स, मेडिसिन, परिवहन सेवाओं के अलावा केपीओ और बीपीओ आदि को 24×7 खोलने की अनुमति शामिल है। इन सभी में नाइट लाइफ पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। दिल्ली नगर निगम ने इस प्लान पर काम करते हुए पहले ही राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में अब तक 150 रेस्तरां खोल चुका है। यह सभी ओपेन, टेरेस, अल्फ्रेस्को डाइनिंगवाले हैं और तेजी से दिल्ली के लोगों में अपनी पहचान बना रहे हैं।देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
