Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को हुई बारिश के बाद आज मौसम साफ है। हालांकि, गुरुवार की सुबह तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन धीरे-धीरे बादल छट गए और आसमान में सूरज ने दस्तक दी। मौसम विभाग ने बारिश का अंदेशा जताया था। लेकिन, गुरुवार को बारिश जैसे हालात नहीं बने। मौसमी उतार चढ़ाव के बीच ठंडी का एहसास एकदम खत्म होता नजर आ रहा है। सुबह शाम की गुलाबी ठंड को छोड़ दें तो दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि 20 मार्च तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री पहुंचने के आसार हैं। वहीं, मार्च में बारिश सामान्य से थोड़ी कम हो सकती है।
अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी
पिछले 48 घंटों पर नजर डालें तो दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, हिमाचल, सिक्किम, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिसा और पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बारिश दर्ज की गई थी। राजधानी दिल्ली से सटे यूपी के नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत कई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि अब वेस्टर्न डिस्टर्बेंस कमजोर रहेंगे। इसकी वजह से मौसम में बदलाव आएगा। तापमान में एकदम से बहुत अधिक वृद्धि नहीं होगी। धीरे-धीरे गर्मी लोगों को परेशान करेगी। गुरुवार को देश के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
फरीदाबाद में आज का मौसम कैसा रहेगा (Faridabad Aaj Ka Mausam)
दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जोकि सामान्य से दो डिग्री कम रहा। उधर, अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। यही हाल गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम क्षेत्र के हैं। शुक्रवार की सुबह इस सभी जगहों पर मौसम साफ नजर आ रहा है। आज न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस लिहाज से अब गर्मी का एहसास होना तय है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
