Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega Delhi NCR Main: दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से परेशान लोगों को राहत मिली है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के मौसम में आए अचानक बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली। देर शाम दिल्ली में बूंदाबांदी के बाद धूल भरी आंधी अपने साथ तेज बारिश लेकर आई। सुबह और दोपहर के समय लू के थपेड़ों से जूझ रहे दिल्ली के लोगों को देर शाम हुई झमाझम बारिश से राहत मिली। कुछ ही समय में दिल्ली के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और शहर का मौसम सुहावना हो गया। बुधवार रात हुई बारिश के बाद गुरुवार की सुबह दिल्ली के लोगों की सुहावने मौसम के साथ हुई है। मौसम विभाग की मानें तो आज भी दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम के पूर्वानुमान के बीच आइए आपको बताएं कैसा रहेगा दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल -
दिल्ली में मौसम का हाल
बुधवार को देर रात हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना बना हुआ है। देर रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बदलते मौसम के मिजाज के बीच दिल्ली के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में आज भी बारिश की संभावना है। आज शहर में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। आज शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहने की उम्मीद है। दिल्ली के साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की उम्मीद है।
दिल्ली के कई इलाकों में बिजली की समस्या
धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में बिजली की समस्या भी सामने आई है। कहीं बिजली की लाइन टूट गई है तो कहीं इससे संबंधित अन्य समस्या है। जहां पहले लोग भीषण गर्मी से परेशान थे, वहीं लोग अब बारिश के बाद बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार और शुक्रवार यानी 6 और 7 जून को धूल भरी आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। उसके बाद 8 से 11 जून तक दिल्ली में तेज हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में आने वाले दिनों में मौसम अच्छा बने रहने की उम्मीद है।
एनसीआर के मौसम की बात करें तो गाजियाबाद और नोएडा दोनों शहरों में 6 और 7 जून को आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं फरीदबाद और गुरुग्राम में भीषण गर्मी की प्रकोप जारी रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री रहने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
