दिल्ली

Delhi Extream Heat: प्रचंड गर्मी में तपा दिल्ली-NCR, कल तापमान 45°C डिग्री करेगा क्रॉस; लू का ऑरेंज अलर्ट

Delhi Extream Heat: दिल्ली-एनसीआर में कम से कम 12 जून तक बहुत गर्म मौसम बना रहेगा। आईएमडी ने कहा कि बुधवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि रात में भी 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रहने का अनुमान है।

Image

दिल्ली का तापमान

Delhi Extream Heat: दिल्ली-एनसीआर में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। मंगलवार को इस मौसम का सबसे अधिक तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 3.6 डिग्री अधिक है। मंगलवार को ‘रियल फील टेम्प्रेचर’ या ताप सूचकांक 47.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ‘रियल फील टेम्प्रेचर’, यह माप है कि वायु तापमान और सापेक्ष आर्द्रता दोनों को ध्यान में रखते हुए मानव शरीर को कितना गर्म या ठंडा महसूस होता है। आर्द्रता का स्तर 39 प्रतिशत से 24 प्रतिशत के बीच रहा। कमोबेश यही हालत नोएडा, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा और फरीदाबाद के हैं, यहां भी आसमान से आग बरस रही है।

दिल्ली में कब होगी बारिश

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली में कम से कम 12 जून तक बहुत गर्म मौसम बना रहेगा। विभाग ने कहा कि बुधवार को दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जबकि रात में भी 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास तापमान रहने का अनुमान है। दिल्ली की आधार वेधशाला सफदरजंग ने मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि लोधी रोड, रिज और आयानगर सहित अन्य निगरानी स्टेशनों ने लू की स्थिति दर्ज की और अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी में 12 जून से कुछ राहत मिल सकती है, क्योंकि आईएमडी ने दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। 13 जून को हवा में बदलाव से दिल्ली-एनसीआर में बादलों के छाए रहने के साथ बारिश दस्तक दे सकती है। वीकेंड में धूल भरी आंधी के साथ गरज चमक के साथ हल्की वर्षा की संभावना है। हालांकि, 17 से 29 जून के बीच मौसम स्थिर होगा और प्री मानसून की गतिविधियां तेज होंगी। हवाओं के साथ बारिश के आने से प्रचंड गर्मी से राहत मिलेगी।

दिल्ली में कम नहीं हो रहा प्रदूषण

सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 215 रहा। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article