चण्डीगढ़

Extreme Heat: गर्मी से बेदम हरियाणा-पंजाब, तापमान 48 डिग्री पार! रेगिस्तान उगल रहा आग

पंजाब और हरियाणा में जबदस्त गर्मी से लोगों की हालत खराब है। बठिंडा में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। ये दौर अभी जारी रहेगा। मौसम विभाग ने 12 जून से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। उधर, रेगिस्तान की धरती भी आग उगल रही है।

Image

गर्मी (सांकेतिक फोटो)

चंडीगढ़ : उत्तर भारत के विभिन्न राज्य भीषण गर्मी की चपेट में हैं। पंजाब एवं हरियाणा में भी मंगलवार को भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा और बठिंडा में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो दोनों राज्यों में सबसे अधिक है। हरियाणा के सिरसा में भी भीषण गर्मी रही और यहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में इस मौसम का अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार को 43.8 डिग्री सेल्सियस था। कमोबेश यही हालत राजस्थान के विभिन्न जिलों का है, जहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी यह दौर 3 से 4 दिन जारी रहेगा।

दोनों राज्यों के अन्य स्थानों पर सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया तथा भीषण गर्मी जारी रही। हरियाणा के सिरसा के बाद रोहतक में भी अधिकतम तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस के साथ समान रूप से गर्म मौसम रहा। नारनौल, हिसार, अंबाला, करनाल और भिवानी में भी भीषण गर्मी रही और अधिकतम तापमान क्रमश: 45.2, 44.5, 44.3, 44.5 और 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, पंजाब में भी भीषण गर्मी पड़ रही है, जहां अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में क्रमश: 44.8, 44 और 44.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री, पठानकोट में 43.2 डिग्री, जबकि फरीदकोट और गुरदासपुर में अधिकतम तापमान क्रमशः 44.4 और 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 12 जून से मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं।

राजस्थान में 47.4 डिग्री सेल्सियस तापमान

राजस्थान में मंगलवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्र प्रचंड गर्मी की चपेट में रहा और गंगानगर में पारा 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गंगानगर में लगातार तीसरे दिन अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया और मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा। इसके अनुसार मंगलवार को गंगानगर में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री, कोटा में 46.3 डिग्री, चूरू में 45.5 डिग्री, बीकानेर में 45.3 डिग्री, अलवर में 44.6 डिग्री, दौसा में 44.3 डिग्री, जैसलमेर में 44.1 डिग्री, संगरिया में 43.9 डिग्री, बाड़मेर में 43.8 डिग्री, जोधपुर व झुंझुनू में 43.0 डिग्री, फतेहपुर में 42.6 डिग्री, नागौर में 42.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य में पड़ रही प्रचंड गर्मी से राजधानी जयपुर भी अछूती नहीं रही है जहां मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री को छू गया जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने व प्रचंड गर्मी का दौर आगामी 4-5 दिन जारी रहने की पूरी संभावना है। गंगानगर, हनुमानगढ़ जिले में अगले दो-तीन दिन अधिकतम तापमान 47-48 डिग्री रहेगा और लू चलेगी। इसी तरह पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर व कोटा संभाग में भी कहीं-कहीं लू का दौर आगामी 3-4 दिन जारी रहने तथा मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। कोटा, भरतपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश 15-16 जून से शुरू हो सकती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article