दिल्ली NCR में आज का मौसम कैसा रहेगा (9-Aug-2025): सावन का महीना आज खत्म हो रहा है और दिल्ली NCR में मौसम ने इस महीने को तगड़ी विदाई दी है। आज रक्षाबंधन का त्योहार है और NCR के इलाके में भारी बारिश के बीच लोगों की नींद खुली है। त्योहार के मद्देनजर ये बारिश परेशानी का सबब बन सकती है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सुबह से ही रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है, जबकि दिल्ली में शुक्रवार रात से ही आसमान से पानी बरस रहा है।
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
अगले हफ्ते भी होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह सिलसिला यहीं नहीं थमेगा। अगले सप्ताह भी दिल्ली-NCR में आंधी और बारिश का दौर चल सकता है। खासकर 13 और 14 अगस्त को फिर से अच्छी बारिश के आसार हैं। इससे मौसम में ठंडक तो बढ़ेगी, लेकिन बारिश के चलते सड़कों की स्थिति और ट्रैफिक की परेशानी बनी रह सकती है।
NCR के शहरों में भी बारिश का असर
गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद और नोएडा जैसे एनसीआर के प्रमुख शहरों में भी शनिवार सुबह से बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। इन शहरों में भी कुछ हिस्सों में जलभराव की खबरें हैं। इस बारिश ने त्योहार की चहल-पहल को थोड़ा प्रभावित किया है। कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे रक्षाबंधन के लिए घरों से निकलने वाले लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बहनों को भाई के घर राखी बांधने जाना हो तो उन्हें समय से निकलना होगा क्योंकि सड़कों पर यातायात धीमा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
