Delhi News: राजधानी के नजफगढ़ इलाके में शुक्रवार शाम अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब वह अपनी कार में बैठा हुआ था। हमलावरों ने उस पर कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान नीरज तेहलान के तौर पर हुई है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, नीरज तेहलान अपराध के कई मामलों में वॉन्टेड था और उसके सिर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह फरवरी 2024 के चर्चित नजफगढ़ दोहरे हत्याकांड का मुख्य गवाह भी था।
मामले की जांच जारी
पुलिस को संदेह है कि इस हमले की साजिश गैंगस्टर हर्ष धनकड़ उर्फ चिंटू और संजय उर्फ संजू दहिया ने रची है, जो हाल ही में विदेश से डिपोर्ट हुआ था। फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पिछले हफ्ते भी हुई थी गैंगवार की घटना
यह वारदात उस गोलीकांड के ठीक बाद हुई जिसमें 27 जून को बवाना में कुख्यात गैंगस्टर मंजीत महाल के भतीजे दीपक की हत्या की गई थी। सुबह की सैर के दौरान दो बाइक सवारों ने दीपक पर गोलियां दाग दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। हमले में उसकी बेटी भी घायल हो गई थी।
दो आरोपी गिरफ्तार
सूत्रों के अनुसार, मंजीत महाल और दीपक के संबंध गैंग के परिवारों से थे। शुक्रवार को ही इस मामले में पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनका नाम विजय और सोमवीर है, पुलिस इनसे पूछताछ करके मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इससे पहले अप्रैल में महाल के करीबी प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार दराल की भी पश्चिम विहार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
