दिल्ली

Delhi: कालकाजी मंदिर के सेवादार की हत्या, चुन्नी-प्रसाद को लेकर हुआ विवाद, लोगों ने पीट-पीटकर ली जान

दिल्ली के कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने चुन्नी और प्रसाद के लिए एक सेवादार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Image

कालकाजी मंदिर के सेवादार की हत्या (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Kalkaji Mandir Sewadaar Murder: दिल्ली के कालकाजी मंदिर से सेवादार की हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चुन्नी और प्रसाद को लेकर हुए विवाद पर मंदिर में दर्शन के लिए आए कुछ लोगों ने सेवादार की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पीसीआर कॉल पर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द से जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

चुन्नी-प्रसाद को लेकर हुआ विवाद

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें रात 11:30 बजे पीसीआर पर एक कॉल आई, जिसमें कालकाजी मंदिर में हुए झगड़े की सूचना मिली। अधिकारी ने आगे बताया कि पुलिस ने मंदिर में पहुंचकर स्थानीय लोगों से पूछताछ की, जिसमें उन्हें पता लगा कि आरोपी मंदिर में दर्शन के लिए आया था। दर्शन करने के बाद आरोपियों ने सेवादार से चुन्नी और प्रसाद मांगा, जिसके बाद इनमें बहस हो गई। देखते ही देखते यह बहस मारपीट में बदल गई।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित को डंडों और मुक्कों से बुरी तरह मारा था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल अवस्था में सेवादार को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना शुक्रवार, 29 अगस्त रात करीब 9.30 बजे की है। स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मारपीट और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

14 साल से मंदिर में था सेवादार

मृतक की पहचान 35 वर्षीय योगेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया वह फत्तेपुर, हरदोई, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि मृतक योगेंद्र सिंह मंदिर में करीब 14-15 साल से सेवादार है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अतुल पांडे के रूप में हुई है। पुलिस इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत एफआईआर संख्या 515/25 दिनांक 30.8.25 दर्ज की गई है। पुलिस आगे की जांच कर रही है और शेष आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!