Delhi News: नई दिल्ली के नरेला थाना क्षेत्र के विशाल एन्क्लेव में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 28 वर्षीय युवक हेमंत ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में आत्महत्या का कारण सामान्य घरेलू विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक हेमंत भोरगढ़ की फैक्ट्रियों में डस्टिंग का काम करता था और अपने पिता, पत्नी, तीन भाई और दो बच्चों के साथ रहता था। कुछ दिन पहले हेमंत ने अपनी पत्नी की गुल्लक से 22 हजार रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे, जिससे घर में तनाव का माहौल बन गया।
पत्नी को जब इस बारे में पता चला, तो उसने हेमंत से पूछताछ की, जिस पर दोनों के बीच बहस हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी की शिकायत के बाद हेमंत के पिता ने भी उसे डांटा, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत था।
मंगलवार सुबह हेमंत ने अपने भाइयों को जल्दी काम पर जाने को कहा और खुद कमरे में चला गया। जब काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आई, तो दरवाजा तोड़ा गया और उसे मृत पाया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नरेला थाना पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी, पिता और भाइयों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मामला घरेलू तनाव के चलते आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन अन्य सभी पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। मामले में गंभीरता बरती जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की सच्चाई साफ हो सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
