Delhi NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29 June 2025: दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटों के दौरान आई आंधी और बारिश ने गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दी है। फरीदाबाद, ग्रेटर नोएडा, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि दिल्ली के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश हुई, जिससे कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। इस मौसम बदलाव के चलते पूरे क्षेत्र का अधिकतम तापमान घटकर 35 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है, जो पहले 37 डिग्री था। तेज बारिश के साथ-साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी सुहावना बना दिया है, और इसका असर अब भी दिल्ली-एनसीआर में महसूस किया जा रहा है।
इस बीच, स्काईमेट ने दिल्ली-एनसीआर में मानसून की आधिकारिक एंट्री की पुष्टि कर दी है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि यह एंट्री किसी 'धमाकेदार' बारिश के साथ नहीं हुई। दूसरी ओर, मौसम विभाग (IMD) अब भी मानसून की आधिकारिक घोषणा से बच रहा है और उसका कहना है कि क्षेत्र में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने में अभी 24 से 48 घंटे और लग सकते हैं। फिलहाल, IMD ने 2 जुलाई तक लगातार बारिश की संभावना जताई है और आज के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, कल के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया था। हालांकि, दिल्ली के सभी हिस्सों में समान रूप से बारिश नहीं हुई। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी तो कुछ में तेज बारिश देखने को मिली। बीती रात भी कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही।
क्या है मानसून की अपडेट?
कल हुई बारिश को लेकर स्काईमेट की रिपोर्ट के अनुसार ऐसा कहा गया है कि यह दिल्ली-एनसीआर में मानसून की आधिकारिक एंट्री है। रिपोर्ट के मुताबिक, मानसून समय पर दिल्ली-एनसीआर पहुंच गया है, लेकिन इसकी रफ्तार फिलहाल धीमी है, जिस कारण अत्यधिक बारिश नहीं हो सकी है। एनसीआर के गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद में अच्छी बारिश हुई, जबकि दिल्ली के कुछ क्षेत्रों में मध्यम दर्जे की वर्षा देखने को मिली। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के मुताबिक, दिल्ली में मानसून अभी आधिकारिक रूप से नहीं पहुंचा है और इसके अगले 24 से 48 घंटे में दस्तक देने की संभावना जताई गई है। इस तरह, स्काईमेट और IMD की रिपोर्ट्स में फिलहाल कश्मकश बनी हुई है, हां एक एजेंसी मानसून के आगमन की पुष्टि कर रही है, वहीं दूसरी इसे अभी कुछ समय दूर बता रही है।
तापमान का हाल
दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का हाल समान रूप से गर्म और आंशिक रूप से प्रदूषित बना हुआ है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री रहा, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 106 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद का तापमान 33/28 डिग्री रहा, जहां AQI 99, 104 और 96 रहा। ये सभी भी 'मध्यम' श्रेणी में ही आते हैं। गुरुग्राम और ग्रेटर नोएडा में भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा, और न्यूनतम क्रमशः 26 और 27 डिग्री सेल्सियस रहा, जिनका AQI क्रमशः 95 और 99 रहा। कुल मिलाकर, पूरे क्षेत्र में गर्मी का असर कायम है और हवा की गुणवत्ता मध्यम स्तर पर बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
