Delhi Transport Issues: दिल्ली सरकार ने बसों की कमी और परिचालकों में अव्यवस्था से उत्पन्न यात्रियों की समस्याओं का समाधान करने का निर्णय लिया है। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने सोमवार को दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बस सेवा को बेहतर और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध संचालन, रूटों के युक्तिकरण और शेड्यूल में संशोधन करने पर जोर दिया, ताकि भीड़भाड़ कम हो और यात्रियों को समय पर सेवाएं मिलें।
परिवहन मंत्री ने कहा कि इन कदमों से न केवल संचालन की दक्षता बढ़ेगी, बल्कि निगम की वित्तीय स्थिति में भी सुधार होगा। इसके साथ ही, बेहतर मार्ग नियोजन और समयबद्ध संचालन से यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और डीटीसी के राजस्व में भी वृद्धि होगी, जिससे बेड़े का विस्तार और अधिक बसें चलाने में मदद मिलेगी।
डॉ. सिंह ने डीटीसी डिपो के पुनर्गठन और इलेक्ट्रिक बसों को शामिल करने में तेजी लाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि ई-बसों की शुरुआत दिल्ली को देश की इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) राजधानी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
