दिल्ली

सरकार को हो रहा था हर महीने 1.62 करोड़ का नुकसान, दिल्ली पुलिस ने ऐसे जब्त की 72,000 लीटर ATF

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े तेल चोरी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इंटर स्टेट सेल की टीम ने मुंडका इलाके में छापा मारकर 72,000 लीटर अवैध एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) बरामद किया। इस घोटाले से हर महीने सरकार को करीब ₹1.62 करोड़ का नुकसान हो रहा था।

Image

दिल्ली के मुंडका इलाके में छापा मारकर 72,000 लीटर अवैध एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) जब्त।

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े तेल चोरी रैकेट का पर्दाफाश किया है। इंटर स्टेट सेल की टीम ने मुंडका इलाके में छापा मारकर 72,000 लीटर अवैध एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) बरामद किया। इस घोटाले से हर महीने सरकार को करीब ₹1.62 करोड़ का नुकसान हो रहा था।

इस गोरखधंधे में शामिल 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 2 को बाउंड डाउन किया गया है। पकड़े गए लोगों में गोदाम मालिक, ड्राइवर, हेल्पर, ट्रांसपोर्टर और खरीदार शामिल हैं। क्राइम ब्रांच टीम की हेड कांस्टेबल सुनील की सूचना पर 22 जून को मुंडका गांव के एक गुप्त गोदाम में छापा मारा गया। मौके पर तीन टैंकर मिले, जिनमें से हर एक में 24,000 लीटर एटीएफ भरा था। पाइपों से तेल को ड्रमों में डाला जा रहा था। दो पिकअप गाड़ियां भी बरामद हुईं, जिनसे चोरी का तेल आगे भेजा जाना था।

मौके से मिलीं अहम चीजें:

  • 3 एटीएफ टैंकर
  • 6 डिप रॉड (जाली भी शामिल)
  • 2 पाइप
  • 5 ड्रम (तीन पूरे भरे, दो आधे भरे)
  • 9 खाली ड्रम
  • 3 डुप्लीकेट मास्टर चाबी और टैंकर लॉक
  • 2 पिकअप ट्रक
  • ₹1,05,000 नकद

ये गिरोह टैंकर एटीएफ लेकर हरियाणा के एचपीसीएल असोदा डिपो से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए निकलते थे। रास्ते में जीपीएस से छेड़छाड़ कर इन टैंकरों को मुंडका के गोदाम में ले जाया जाता था। वहां नकली चाबियों से टैंकर खोले जाते थे और फर्जी डिप रॉड से तेल की मात्रा में हेरफेर की जाती थी। चोरी हुआ एटीएफ बाजार में मिनरल टरपेंटाइन ऑयल (MTO) बताकर बेचा जाता था।

पिछले तीन सालों से रोज़ाना करीब 5,000 लीटर एटीएफ चोरी किया जा रहा था, यानी हर महीने लगभग 1.5 लाख लीटर।पुलिस ने बरामद एटीएफ और टैंकर को तेल कंपनी के हवाले कर दिया है। इस पूरे मामले में आगे की जांच जारी है। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल करोड़ों की चोरी रुकी है, बल्कि एक खतरनाक नेटवर्क भी टूट गया है जो सालों से बेधड़क चल रहा था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article