दिल्ली

दिल्ली सरकार का बड़ा कदम; अब फिटनेस बताएगी गाड़ी की उम्र, सालाना 72,000 वाहनों की होगी जांच

दिल्ली सरकार अब पुराने वाहनों की उम्र तय करने के लिए फिटनेस जांच को आधार बनाने जा रही है। नंद नगरी में एक नया ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर स्थापित किया जाएगा, जो सालाना 72,000 वाहनों की जांच करने में सक्षम होगा। सरकार का उद्देश्य है कि केवल सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल वाहन ही राजधानी की सड़कों पर चलें।

Image

दिल्ली में पुराने वाहनों के लिए फिटनेस टेस्ट (Photo: Canva)

दिल्ली सरकार पुराने वाहनों की उम्र का निर्धारण अब फिटनेस के आधार पर करने की दिशा में कदम उठा रही है। इसी क्रम में, सरकार नंद नगरी में एक आधुनिक ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर (एटीएस) की स्थापना करने जा रही है, जिसका शिलान्यास अगले वर्ष मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा किया जाएगा। यह सेंटर सालाना 72,000 वाहनों की फिटनेस जांच करने में सक्षम होगा।

फिलहाल दिल्ली में व्यावसायिक और परिवहन वाहनों के लिए फिटनेस जांच अनिवार्य है। पहले आठ वर्षों तक हर दो साल में और उसके बाद हर साल। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, दिल्ली-एनसीआर में डीजल वाहनों की अधिकतम आयु 10 साल और पेट्रोल वाहनों की 15 साल तय की गई है। अब दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि वाहनों की आयु सीमा का निर्धारण भी उनकी फिटनेस रिपोर्ट के आधार पर किया जाए, जिससे सड़कों पर केवल सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल वाहन ही संचालित हों।

फिटनेस जांच का आधार

फिलहाल दिल्ली में सिर्फ एक ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर संचालित हो रहा है, जबकि सरकार नौ और ऐसे सेंटर स्थापित करने की योजना बना रही है। इनमें बुराड़ी में पांच लेन वाला और तेहखंड बस डिपो में चार लेन वाला सेंटर शामिल है। सरकार का मानना है कि यदि वाहनों की आयु फिटनेस के आधार पर तय की जाए तो सुप्रीम कोर्ट में उनका पक्ष अधिक मजबूत होगा। अब तक दिल्ली सरकार 61 लाख 14,728 पुराने वाहनों का पंजीकरण यह कहते हुए रद्द कर चुकी है कि वे अपनी निर्धारित आयु पूरी कर चुके हैं। विशेषज्ञों के सुझावों का समर्थन करते हुए सरकार का मानना है कि भविष्य में दिल्ली में भी अन्य राज्यों की तरह वाहनों की उम्र फिटनेस जांच के आधार पर निर्धारित की जा सकती है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article