दिल्ली

दिल्ली में 27 अक्टूबर को छठ पर्व के चलते रहेगा अवकाश, सीएम रेखा गुप्ता का ऐलान; श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर विशेष इंतजाम

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पर्व के महत्व को देखते हुए 27 अक्टूबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। उन्होंने कहा कि यह पर्व आस्था, स्वच्छता और प्रकृति की उपासना का प्रतीक है, जो समाज में एकता और सद्भाव का संदेश देता है। सरकार ने सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की है ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर पूजा कर सकें।

Image

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ पूजा के लिए 27 अक्टूबर को छुट्टी की घोषणा की

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Chhath Puja 2025: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सोमवार को सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय छठ पर्व के महत्व को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने कहा कि चार दिन तक चलने वाले इस पर्व के तीसरे दिन व्रती शाम के समय नदी या तालाब के किनारे जाकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, जो छठ पूजा का सबसे अहम चरण माना जाता है। इस दिन सुबह से ही घर-घर में तैयारियां शुरू हो जाती हैं और परिवार के सभी सदस्य विभिन्न कार्यों में जुटे रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी कारण 27 अक्टूबर को सरकारी अवकाश घोषित किया गया है ताकि लोग श्रद्धा और सुविधा के साथ पर्व मना सकें। मुख्यमंत्री ने छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति की आराधना का प्रतीक है, जिसमें सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था, स्वच्छता और श्रद्धा का संगम है, जो हमें जल, सूर्य और प्रकृति की उपासना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है।

छठ घाटों पर साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं

मुख्यमंत्री के अनुसार, यह पर्व भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की समृद्ध विरासत का प्रतीक है, जो परिवार, समाज और समुदाय को एक सूत्र में जोड़ता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की पूरी व्यवस्था की है, ताकि श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना कर सकें। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और नई ऊर्जा लेकर आएगा तथा समाज में एकता, भाईचारे और सद्भाव को और मजबूत करेगा।

महा पर्व है छठ पूजा?

छठ पूजा भारतीय संस्कृति और परंपरा का एक अनोखा पर्व है, जिसमें आस्था, तपस्या, और परिवार के प्रति समर्पण की गहरी भावना दिखाई देती है। यह पर्व सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना के लिए समर्पित है> सूर्य देव जीवन और ऊर्जा के स्रोत माने जाते हैं, जबकि छठी मैया सुख, समृद्धि और संतति की रक्षक के रूप में पूजनीय हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में श्रद्धालु कठोर नियमों और व्रतों का पालन करते हैं। इस वर्ष छठ पूजा का शुभारंभ 25 अक्टूबर 2025 (शनिवार) से होगा। यह पर्व न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और सामुदायिक एकता का प्रतीक भी है।

(इनपुट - आईएएनएस)

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article